ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश लखनऊLok Sabha elections 2019 : होली मिलन से आज चुनाव प्रचार का आगाज करेंगे राजनाथ सिंह

Lok Sabha elections 2019 : होली मिलन से आज चुनाव प्रचार का आगाज करेंगे राजनाथ सिंह

Lucknow Lok Sabha seat - गृहमंत्री व लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह दोबारा प्रत्याशी घोषित होने के बाद रविवार को पहली बार लखनऊ आ रहे हैं। वह होली मिलन समारोह से पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे।...

Lok Sabha elections 2019 : होली मिलन से आज चुनाव प्रचार का आगाज करेंगे राजनाथ सिंह
प्रमुख संवाददाता,लखनऊ Sun, 24 Mar 2019 11:23 AM
ऐप पर पढ़ें

Lucknow Lok Sabha seat - गृहमंत्री व लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह दोबारा प्रत्याशी घोषित होने के बाद रविवार को पहली बार लखनऊ आ रहे हैं। वह होली मिलन समारोह से पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे। इसी के साथ उनके चुनाव प्रचार का आगाज भी होगा। 

गृहमंत्री पिछले 5 वर्षों में शहर के विकास के लिए किए गए कामों का लेखा-जोखा भी जनता के सामने रखेंगे। कहा जा रहा है कि होली मिलन तो बस बहाना है लेकिन असली वजह चुनाव प्रचार का आगाज करना है। बीजेपी की लखनऊ महानगर इकाई ने उनके जोरदार स्वागत की तैयारी की है।

वह शहर के विभिन्न स्थानों पर अलग-अलग समाज व बीजेपी संगठन की ओर से आयोजित होली मिलन समारोह में शिरकत करेंगे। भारतीय जनता पार्टी महानगर इकाई के उपाध्यक्ष अनुराग मिश्रा अन्नू ने बताया कि वह कार्यकर्ताओं व लखनऊ की जनता को अपनी उपलब्धियां बताएंगे। 

एयरपोर्ट पर उनके स्वागत की जबरदस्त तैयारी की गई है। महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने बताया गृहमंत्री 24 मार्च को 11:30 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वह सीधे पंजाबी सांस्कृतिक मिलन समारोह में शामिल होने के के पैलेस वीआईपी रोड आलमबाग जाएंगे। 

यहां के बाद वह अपने दिलकुशा गार्डन स्थित आवास पर जाएंगे। शाम को 4:30 बजे मध्य विधानसभा की ओर से रस्तोगी इंटर कॉलेज में आयोजित होली मिलन समारोह में शामिल होंगे। यहां के बाद वह 6 बजे निराला नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर के माधव सभागार में उत्तर विधानसभा के कार्यकर्ताओं की ओर से आयोजित होली मिलन समारोह में भी मुख्य अतिथि के रूप मे शामिल होंगे। इसी दिन शाम को 7:30 बजे पूर्वी विधानसभा के कार्यकर्ताओं की ओर से आयोजित होली मिलन समारोह में भी शिरकत करेंगे। 

यह समारोह नीलकंठ लॉन लेखराज मार्केट फैजाबाद रोड पर आयोजित किया गया है। यहां के बाद वह 9:00 बजे खत्री उपकरनी सभा की ओर से आयोजित समारोह में शामिल होने रामलीला ग्राउंड लोहिया पार्क चौक जाएंगे। इसी दिन रात 10:00 बजे वह चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट से दिल्ली वापस चले जाएंगे। बीजेपी महानगर इकाई के महामंत्री पुष्कर शुक्ला तथा युवा मोर्चा के मीडिया प्रभारी खुर्शीद आलम ने कहा कि गृहमंत्री का चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया जाएगा।  

गृहमंत्री का स्वागत करेगा भोजपुरी समाज 

 अखिल भारतीय भोजपुरी समाज में लखनऊ से गृहमंत्री राजनाथ सिंह को लोकसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर खुशी की लहर है। रविवार को समाज के लोग एयरपोर्ट पहुंचकर राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय के नेतृत्व में गृहमंत्री के लखनऊ आगमन पर उनका स्वागत भी करेंगे। अखिल भारतीय भोजपुरी समाज की ओर से रविवार को दोपहर 12 बजे होली मिलन और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन यूपी प्रेस क्लब में किया जाएगा। मुख्य अतिथि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भाजपा डॉ. रमापति राम त्रिपाठी रहेंगे। अध्यक्षता समाज के संरक्षक चंद्र भूषण पाण्डेय करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय के नेतृत्व में होने वाले आयोजन में फगुआ लोकगीत और अबीर-गुलाल लगाकर आगंतुकों का स्वागत भी किया जाएगा। 

राजनाथ के प्रत्याशी बनने पर लड्डू बांटे

विकासनगर स्थित लेखराज पन्ना पर भाजपा कार्यकर्ताओं और युवजन समाज कल्याण समिति के पदाधिकारियों ने राजनाथ सिंह को दोबारा लखनऊ से प्रत्याशी बनाने पर लड्डू बांटे। इस मौके पर सुन्दरकाण्ड का आयोजन किया गया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि राजनाथ सिंह ने पांच सालों में लखनऊ के विकास के लिए बहुत से कार्य किए हैं और तमाम और जो अभी करने बाकी हैं। इसलिए इन कार्यों को पूरा करने के लिए उन्हें दोबारा सांसद बनाने के लिए कार्यकर्ता जी जान से जुट जाएंगे। सभी कार्यकर्ता अथक मेहनत करेंगे। इसमें मुख्य रूप से भाजपा नेता रणविजय सिंह, राकेश बादल, नीलिमा त्रिपाठी, सुप्रिया पाण्डेय, आरके सिंह, बीएन त्रिपाठी, सुशील, अनिल कपूर, शिवम मिश्र समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।   

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें