Lucknow News: बांग्लादेश की तर्ज पर देश में तख्तापलट कराना चाहती है कांग्रेस: राजनाथ
Lucknow News: -रक्षामंत्री ने बोला राहुल गांधी और कांग्रेस पर तीखा हमला, लोकतंत्र को कमजोर

Lucknow News: लखनऊ, विशेष संवाददाता।
लखनऊ में राजनाथ सिंह का कांग्रेस पर हमला
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में राजनाथ ने कहा कि दिल्ली में इन दिनों जो घटनाक्रम हुए हैं, वो गंभीर सवाल खड़े करते हैं। कांग्रेस व उसके सहयोगी युवाओं को भड़काकर उनकी ऊर्जा को अराजकता की ओर धकेल रहे हैं। वे देश में बांग्लादेश जैसी अराजकता और तख्तापलट कराना चाहते हैं। इसे बाकायदा इन लोगों ने स्वीकार भी किया है।
अराजकता और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर आरोप
राजनाथ सिंह ने कहा कि इनकी लड़ाई एसआईआर, चुनाव सुधार या ज्ञानेश कुमार का विरोध करना नहीं है बल्कि इनका उद्देश्य देश में अराजकता का माहौल बनाकर सत्ता हासिल करने की साजिश रचना है। इनकी मंशा लोकतंत्र को कमजोर करने की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और विपक्ष का एकमात्र एजेंडा लोकतांत्रिक संस्थाओं को ध्वस्त करना और देश में अशांति फैलाना है। रक्षामंत्री ने कहा कि राहुल गांधी और उनके सहयोगियों को समझना होगा कि लोकतंत्र देश में अराजकता फैलाने, संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने या भारत की विकास यात्रा को बाधित करने का लाइसेंस नहीं है। सुप्रीम कोर्ट ने भी यही चिंता जाहिर की है।
कांग्रेस के शासन और फैसलों पर निशाना
कांग्रेस ने किए चार अक्षम्य अपराध
उन्होंने राहुल गांधी पर लोकतंत्र की रक्षा के नाम पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें यह सब छोड़कर अपनी अब तक की राजनीति पर मंथन करना चाहिए। कांग्रेस शासन में चार अक्षम्य अपराध हुए। पहला आपातकाल, दूसरा कांग्रेस के इशारे पर 1984 में सिख नरसंहार, तीसरा 1990 में अयोध्या में रामभक्तों का खून बहानों वालों का समर्थन और चौथा अब कांग्रेस द्वारा संवैधानिक संस्थाओं को चोट पहुंचा कर किया जा रहा है। राहुल गांधी संविधान जेब में रखकर देश में अराजकता फैलाने का काम कर रहे हैं।
चुनाव आयोग और रायबरेली सीट पर सवाल
राहुल सपा के बिना रायबरेली भी जीत पाएंगे या नहीं
रक्षामंत्री ने कहा कि चुनाव आयोग पर उंगली उठाने वाली कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयोग एन. गोपालस्वामी द्वारा गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद भी नवीन चावला की नियुक्ति की। मुख्य चुनाव आयुक्त रहे एम.एस गिल यूपीए सरकार में मंत्री रहे। उन्होंने कहा कि किसी उम्मीदवार की मौत पर सिर्फ उसी क्षेत्र का चुनाव स्थगित होता है, मगर राजीव गांधी के निधन के बाद पूरे देश में चुनाव टाल दिए गए। कांग्रेस को घेरते हुए उन्होंने कहा कि देश में जबसे वोटर आईडीकार्ड आया है तब से कांग्रेस के लिए बहुमत पाना दूर की बात हो गई। लगातार सत्ता में रहने वाली पार्टी पिछले 37 साल से यूपी में सत्ता से बाहर है। वहीं देश में दो सांसदों वाली भाजपा आज कहां है। सवाल उठाया कि कांग्रेस की यह स्थिति वोट चोरी के चलते हुई है या काम चोरी के। राहुल गांधी बताएं कि सपा के सहयोग बिना वो रायबरेली सीट भी जीत सकते हैं या नहीं।
गांधीजी के नाम और वोट चोरी के आरोप
कांग्रेस ने गांधी के नाम के प्रयोग का नैतिक अधिकार खोया
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने वोट चोरी की तुलना हाइड्रोजन बम से की थी, मगर यह दीवाली का सामान्य पटाखा भी नहीं निकला। वोट चोरी के आरोप लगाने वाली कांग्रेस के पास इसके कोई साक्ष्य नहीं हैं। चौरी-चौरा में थोड़ी सी हिंसा होने पर महात्मा गांधी ने पूरा असहयोग आंदोलन रोक दिया था। आज की कांग्रेस खुद को गांधीजी का उत्तराधिकारी कहती है लेकिन देश को अराजकता और हिंसा की ओर धकेल रही है। कांग्रेस ने गांधी के नाम का प्रयोग करने का अधिकार नैतिक रूप से खो दिया है।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के जूता-चप्पल कांड पर तंज
कांग्रेस के जूता कांड पर कसा तंज
राजनाथ ने कहा कि दशकों से चुनाव हार रहे दल किन शक्तियों के हाथों में खेल रहे हैं, जनता सब जानती है। राहुल गांधी कहते हैं कि देश की जनता को हम पर भरोसा है जबकि कांग्रेसियों को ही एकदूसरे पर भरोसा नहीं है। उन्होंने बीते दिनों प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर हुए जूता-चप्पल कांड पर चुटकी लेते हुए कहा कि वे आपस में फिजिकल स्तर पर लड़ते हैं। इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित व मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह मौजूद रहे।


