विश्वस्तरीय शहरों की श्रेणी में पहुंचा लखनऊ : राजनाथ सिंह
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ के विकास पर जोर दिया और कहा कि वह जनता की समस्याएं सुनने का नैतिक दायित्व मानते हैं। उन्होंने रिंग रोड और फ्लाईओवरों के निर्माण से यातायात में सुधार की बात की। प्रबुद्धजनों ने चौक से दुबग्गा चौराहे तक जाम का स्थायी समाधान और अन्य जनहित मुद्दों पर चर्चा की।

केंद्रीय रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने कहा कि उनकी हमेशा यह चिंता रहती है कि लखनऊ का अधिकतम विकास कैसे सुनिश्चित किया जाए। लखनऊ जिस तेजी से विकसित हुआ है, वह पूरे देश के लिए गौरव का विषय है। एक समय जो शहर विकास की दौड़ में पीछे माना जाता था, आज वह विश्वस्तरीय शहरों की श्रेणी में अपनी पहचान बना चुका है। पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के पश्चिम मंडल-2 द्वारा आयोजित प्रबुद्ध जन संवाद कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि सांसद होने के नाते वे जितना समय लखनऊ को देना चाहते हैं, उतना नहीं दे पाते हैं, लेकिन वे नियमित रूप से डेढ़-दो माह के अंतराल पर लखनऊ आकर विभिन्न क्षेत्रों में लोगों से संवाद करते हैं। उन्होंने कहा कि जनता के बीच आना और उनकी समस्याओं को सुनना अपना नैतिक दायित्व मानते हैं। रक्षा मंत्री होने के नाते जब विदेशों से निवेशक भारत आते हैं और लखनऊ का दौरा करते हैं, तो शहर में हुए व्यापक बदलावों की सराहना करते हैं। 10-15 वर्ष पहले का लखनऊ और आज का लखनऊ पूरी तरह बदला हुआ दिखाई देता है।
कम समय में बने कई फ्लाई ओवर
यातायात व्यवस्था का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ट्रैफिक जाम लखनऊ की सबसे बड़ी समस्या थी। वर्ष 2014 में सांसद बनने के बाद उन्होंने शहर के चारों ओर रिंग रोड निर्माण की योजना बनाई, ताकि बाहरी क्षेत्रों से आने वाले वाहन सीधे अपने गंतव्य तक जा सकें और उन्हें शहर के भीतर प्रवेश न करना पड़े। उन्होंने बताया कि रिंग रोड का उद्घाटन दो वर्ष पूर्व हो चुका है, जिससे यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार आया है। लखनऊ में कम समय में अनेक फ्लाईओवरों का निर्माण हुआ है, जिससे आवागमन सुगम हुआ है। उन्होंने कहा कि शहर के विकास के लिए वे लगातार नई योजनाओं पर विचार करते रहते हैं। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी, अधिवक्ता, शिक्षाविद् एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
चौक से दुबग्गा चौराहे तक जाम का स्थायी समाधान हो
संवाद के दौरान प्रबुद्धजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं जनहित से जुड़े विषयों को रक्षा मंत्री के समक्ष रखा। प्रतिनिधियों ने चौक से दुबग्गा चौराहे तक लगने वाले भीषण जाम की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की। साथ ही राष्ट्र प्रेरणा स्थल को नागरिकों के लिए निशुल्क सुबह के समय खोलने का आग्रह किया गया। क्षेत्रवासियों ने गैस पाइपलाइन सुविधा को विस्तारित करने तथा मेट्रो परियोजना के कार्यों में तेजी लाने की भी मांग रखी। आलमनगर रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर बुद्धेश्वर स्टेशन किए जाने पर रक्षा मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


