ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश लखनऊसदन से सड़क तक संघर्ष करेगी कांग्रेस : सोनिया

सदन से सड़क तक संघर्ष करेगी कांग्रेस : सोनिया

कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी ने बिना नाम लिए पीएम मोदी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में कुछ लोग अमर्यादित आचरण करते रहे । ऐसे लोग नहीं जानते हैं कि सत्ता हमेशा किसी की नहीं...

सदन से सड़क तक संघर्ष करेगी कांग्रेस : सोनिया
हिन्दुस्तान टीम,लखनऊWed, 12 Jun 2019 09:12 PM
ऐप पर पढ़ें

साधा निशाना

बिना नाम लिए प्रधानमंत्री मोदी पर बोला हमला

कहा-सत्ता हमेशा किसी की नहीं रहती

रायबरेली वरिष्ठ संवाददाता

कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी ने बिना नाम लिए पीएम मोदी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में कुछ लोग अमर्यादित आचरण करते रहे । ऐसे लोग नहीं जानते हैं कि सत्ता हमेशा किसी की नहीं रहती। जरूरी है कि स्वस्थ परंपराएं और नैतिकता जीवित रखी जाए। नेहरू-गांधी परिवार ने देश के लिए त्याग और बलिदान दिया है। यह किसी से छिपा नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सदन से लेकर सड़क तक लोगों के लिए संघर्ष करेगी।

रायबरेली के लोगों और कार्यकर्ताओं का आभार जताने के लिए बुधवार को यहां भुएमऊ गेस्ट हाउस में आयोजित सभा में एक कार्यकर्ता द्वारा ईवीएम से छेड़छाड़ का मुद्दा उठाए जाने पर सोनिया ने कहा कि सब जानते हैं कि लोकसभा में यह स्वस्थ जनादेश नहीं है। बिना आग के धुआं नहीं होता। इसकी जांच होनी ही चाहिए। इस मुद्दे पर भी देश में आम राय बनाने के लिए लोगों को तैयार करना होगा।

सोनिया ने कहा कि लोकतंत्र में सदन ही सब कुछ नहीं होता। माना कि सदन में पार्टी की संख्या कम है लेकिन देश के 12 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने कांग्रेस में विश्वास व्यक्त किया है। इसलिए कांग्रेस आम लोगों के हक के लिए सदन से लेकर सड़क तक संघर्ष करेगी। कार्यकर्ताओं को भी इसके लिए अभी से तैयार होना होगा।

इनसेट

जीवन भर करती रहूंगी रायबरेली की सेवा

लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार यहां पहुंचीं कांग्रेस संसदीय दल की नेता एवं सांसद सोनिया गांधी ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। कार्यकर्ताओं का आभार जताने के साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं को पहले से अधिक मेहनत करने और आम लोगों की आवाज उठाने की नसीहत भी दी। करीब घंटे भर चली आभार सभा में प्रियंका गांधी ने जिले में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए कड़े फैसले लेने के संकेत भी दिए।

दिनभर बैठकों में व्यस्त रहने की वजह से स्थानीय नेताओं-कार्यकर्ताओं को शाम पांच बजे बुलाया गया था। बैठकों की वजह से आभार सभा लगभग घंटे भर विलंब से शुरू हुई। सांसद सोनिया गांधी ने कहा कि हार-जीत और जीत का अंतर कम होने से कोई फर्क नहीं पड़ता है। जनता उनके लिए भगवान है। रायबरेली के लोगों ने उन्हें पांचवी बार चुनकर भेजा है। इसलिए रायबरेली की सेवा वह जीवन भर करती रहेंगी। विषम परिस्थितियों में भी चुनाव में मजबूती से खड़े रहने वाले कार्यकर्ताओं का आभार जताया लेकिन साथ ही कहा कि रायबरेली के लोगों के लिए अब संघर्ष और तेज करना होगा।

संगठन नहीं जनता ने लड़ा चुनाव : प्रियंका

सभा में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि जो बोलने जा रही हूं, वह आप सबको अच्छा नहीं लगेगा लेकिन अब मैं कहूंगी सच ही। रायबरेली में असली चुनाव जनता-जनार्दन ने लड़ा। यह जीत जनता की है। संगठन से चुनाव में उतना सहयोग नहीं मिला जितनी अपेक्षा थी। अगली बार मैं आकर यहां के संगठन की समीक्षा करूंगी। समीक्षा के आधार पर ही संगठन में कड़े फैसले उठाए जाएंगे।

कार्यकर्ताओं के साथ किया डिनर

आभार सभा के बाद सोनिया-प्रियंका गांधी ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ही डिनर भी किया। गेस्टहाउस में लोस क्षेत्र के करीब तीन हजार कार्यकर्ता बुलाए गए थे। सभी के लिए खाने का इंतजाम भी किया गया था। आभार सभा तो संयुक्त रूप से थी पर खाने का इंतजाम विस क्षेत्रवार था।

कार्यकर्ताओं ने किया जोशीला स्वागत

रायबरेली। लोस चुनाव के बाद पहली बार बेटी प्रियंका गांधी के यहां आईं सांसद सोनिया गांधी का फुरसतगंज से भुएमऊ गेस्ट हाउस के रास्ते में जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने जोशीला स्वागत किया। संदी नागिन चौराहे पर अमावां ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अजीत सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सोनिया का स्वागत किया। रास्ते में भी कइ जगह कतारबद्ध खड़े कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। गेस्टहाउस के मुख्य गेट के बाहर जैसे ही सोनिया-प्रियंका का काफिला पहुंचा, वहां खड़े कार्यकर्ताओं ने जोशीले नारे ‘सोनिया तुम संघर्ष करो-हम तुम्हारे साथ हैगुंजाए।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें