Hindi NewsUttar-pradesh NewsLucknow NewsProtests Erupt Over Attack on Maulana Kalbe Jawad Naqvi and Illegal Construction at Waqf Karbala Abbas Bagh
मौलाना कल्बे जवाद पर हुए हमले के विरोध में एकजुट हुए उलेमा

मौलाना कल्बे जवाद पर हुए हमले के विरोध में एकजुट हुए उलेमा

संक्षेप: Lucknow News - –दरगाह हज़रत अब्बास में अंजुमन हाय मातमी की ओर से हुआ जलसा -बड़ी संख्या में

Wed, 22 Oct 2025 06:49 PMNewswrap हिन्दुस्तान, लखनऊ
share Share
Follow Us on

ताइमामे जुमा मौलाना कल्बे जवाद नकवी पर हुए हमले और वक्फ करबला अब्बास बाग की संपत्ति पर चल रहे अवैध निर्माण के विरोध में दरगाह हज़रत अब्बास रुस्तम नगर में अंजुमन हाय मातमी की ओर से एक जलसा हुआ। जलसे में अंजुमन हाय मातमी के सभी सदस्यों और उलमा ने मौलाना कल्बे जवाद पर हमले के दोषियों की गिरफ्तारी, वक्फ अब्बास बाग की करबला और हुसैनाबाद ट्रस्ट की संपत्तियों पर चल रहे अवैध कब्ज़ों और गैर कानूनी निर्माण को रोकने और ट्रस्ट में पारदर्शिता की मांग की। मौलाना जवाद पर हुए हमले के विरोध में सभी उलेमा एकजुट नजर आए। मौलाना तसनीम महदी जैदपुरी ने कहा कि अफसोस की बात है कि वक्फ के मुतवल्लियों (प्रबंधकों) ने मौलाना पर हुए हमले की निंदा तक नहीं की।

उन्होंने कहा कि उलमा ने हमेशा ईमानदारी के साथ काम किया है और आगे भी करते रहेंगे। मौलाना मुशाहिद आलम रिजवी ने कहा कि अक्ल कहती है कि मसलों के हल के लिए एक लीडर का होना जरूरी है। समझदार कौम अपने लीडर को खुद तलाश करती है। उन्होंने कहा कि खुदा का शुक्र है कि हमारी क़ौम के पास एक लीडर मौजूद है। उन्होंने कहा कि मौलाना का सबसे बड़ा परिचय यह है कि वो ऐसे ख़ानदान से हैं जिसने कभी कौम के साथ धोखा नहीं किया। मौलाना गुलाम सरवर ने कहा कि हम मौलाना पर हुए हमले की निंदा करते हैं और पुलिस से मांग करते हैं कि अपराधियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। मौलाना सरताज हैदर जैदी ने कहा कि कयादत हमेशा ख़ानदान-ए-इज्तेहाद में रही है और आज भी क़यादत इसी खानदान को शोभा देती है। हमारी मांग है के मौलाना को अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान की जाए। इस मौके पर मौलाना मुहम्मद मियां आबिदी क़ुम्मी, मौलाना हसनैन बाकरी, शिया वक्फ बोर्ड के सदस्य मौलाना रजा हुसैन रिजवी, जलसे के संचालक और अजादारी बोर्ड के सचिव मीसम रिजवी और अन्य ने विचार रखे। जलसे में मौलाना कल्बे जवाद नक़वी के साथ, मौलाना हैदर अब्बास रिजवी, मौलाना फिरोज हुसैन, मौलाना जव्वार हुसैन मौजूद रहे।