लखनऊ में प्रीपेड मीटर के विरोध में उपकेंद्रों से लेकर सड़क तक बवाल
लखनऊ में स्मार्ट प्रीपेड मीटर हटाने की मांग को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। लोगों ने मीटर लगाने आई टीमों को खदेड़ दिया। महिलाओं ने भी कई उपकेंद्रों पर विरोध किया, जिसके कारण ट्रैफिक जाम हो गया।

राजधानी में स्मार्ट प्रीपेड मीटर हटाने की मांग को लेकर बुधवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सुबह से शाम तक शहर के अलग-अलग हिस्सों में विरोध की आग भड़क उठी। कहीं राजनीतिक दलों ने हल्ला बोला, तो कहीं आम जनता ने मीटर लगाने आई टीमों को मोहल्ले से बाहर खदेड़ दिया। सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने गोखले मार्ग स्थित मध्यांचल विद्युत वितरण निगम मुख्यालय का घेराव कर सरकार और निजी कंपनियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। वहीं चिनहट के लौलाई उपकेंद्र में बिजली शिविर के दौरान लोगों ने जमकर हंगामा किया। इसके अलावा ठाकुरगंज के मिश्री की बगिया और तीन बंदर गली में उग्र भीड़ ने मीटर लगाने वाली टीम को खदेड़ दिया।
वहीं नूरबाड़ी उपकेंद्र के वजीरबाग में भी स्मार्ट मीटर लगाने के दौरान लोगों ने खूब हंगामा काटा। वहीं शाम को रेजीडेंसी और इंदिरानगर सेक्टर-14 न्यू उपकेंद्र पर महिलाओं ने प्रदर्शन किया। मध्यांचल मुख्यालय पर सपा का भारी प्रदर्शनबुधवार सुबह गोखले मार्ग स्थित मध्यांचल विद्युत निगम मुख्यालय के बाहर भारी गहमागहमी रही। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मीटरों की तेज रफ्तार और अत्यधिक बिल के विरोध में प्रदर्शन किया। विधायक रविदास मेहरोत्रा के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने ऊर्जा प्रबंधन और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। विधायक ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर आम जनता की जेब पर डकैती डालने का जरिया बन गए हैं। इनकी रीडिंग सामान्य से दोगुनी रफ्तार से भाग रही है। भाजपा सरकार केवल निजी कंपनियों की तिजोरी भरने के लिए गरीबों का शोषण कर रही है। अगर सरकार ने इन मीटरों को हटाकर पुराने इलेक्ट्रॉनिक मीटर वापस नहीं लगाए, तो 2027 के चुनाव में जनता इन्हें सत्ता से उखाड़ फेंकेगी। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं और निगम के सुरक्षाकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। ------------------ठाकुरगंज और वजीरबाग में मीटर लगाने वाली टीम को खदेड़ाठाकुरगंज के मिश्री की बगिया और तीन बंदर गली में जब लेसा की टीम स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची, तो स्थानीय निवासियों ने उन्हें घेर लिया। देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन उग्र हो गया। कई स्थानों पर महिलाओं ने मोर्चा संभाला और मीटर लगाने आई टीम के साथ उनकी जबरदस्त बहस हुई। महिलाओं ने कर्मचारियों पर मीटर लगाने के नाम पर 100-150 रुपये की अवैध वसूली का आरोप लगाया। कुछ ही देर में माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि भीड़ के आक्रोश को देखते हुए मीटर लगाने आई टीम को अपने उपकरण समेटकर वहां से भागना पड़ा। यही स्थिति ठाकुरगंज के तीन बंदर गली में रही। नूरबाड़ी उपकेंद्र के वजीरबाग में भी देखने को मिली, जहां काम शुरू होते ही हंगामा शुरू हो गया।------------------लौलाई उपकेंद्र में शिविर के दौरान हंगामा चिनहट स्थित लौलाई उपकेंद्र पिछले चार दिनों से हंगामे का केंद्र बना हुआ है। बुधवार को यहां बिजली शिविर का आयोजन किया गया था, जिसमें उपभोक्ताओं की समस्याओं का निस्तारण होना था। हालांकि, जब अधिकारियों ने स्मार्ट मीटर हटाने की मांग पर कोई स्पष्ट आश्वासन नहीं दिया, तो लोग भड़क गए। ------------------रेजीडेंसी व इंदिरानगर उपकेंद्र पर महिलाओं ने किया घेरावरेजीडेंसी और इंदिरानगर सेक्टर-14 न्यू उपकेंद्र पर बुधवार शाम को महिलाओं ने जमकर हंगामा किया। बवाल बढ़ने पर कर्मचारियों ने मुख्य गेट बंद कर दिया। इससे उग्र महिलाओं ने करीब एक घंटे तक प्रदर्शन किया। इससे ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और उग्र भीड़ को शांत कराया। हालांकि इस दौरान कोई बड़ा अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।------------------उपभोक्ताओं की प्रमुख शिकायतें - पुराने मीटरों की तुलना में स्मार्ट मीटर में खर्च बहुत ज्यादा दिख रहा है।- पहले महीने में एक बार बिल जमा करने की फुर्सत रहती थी, लेकिन अब प्रीपेड सिस्टम के कारण महीने में चार से पांच बार रिचार्ज करना पड़ रहा है, जिससे बजट बिगड़ गया है।- बिना किसी सूचना के अचानक बिजली कट जाना और सर्वर डाउन होने पर रिचार्ज न हो पाना लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है।------------------लखनऊ में 8380 स्मार्ट प्रीपेड कनेक्शन कटेपावर कॉरपोरेशन ने राजस्व वसूली के लिए बुधवार को 8380 स्मार्ट प्रीपेड कनेक्शन (बैलेंस माइनस होने के कारण) काट दिए। इसमें लखनऊ सेंट्रल 2039, जानकीपुरम 1571, गोमतीनगर 1503 और अमौसी जोन में 3267 उपभोक्ता शामिल हैं। ज्यादातर लोगों का बिल 500 से 1500 रुपये तक माइनस में था। वहीं कनेक्शन कटते ही उपभोक्ता बिल जमा करने के लिए पोर्टल और बिजली काउंटरों की ओर दौड़े। बड़ी संख्या में लोगों ने बिल भुगतान भी कर दिया।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


