रंजिश के चलते स्कूल में प्रिंसिपल को गोली मारी, गंभीर रूप से घायल
Newswrap हिन्दुस्तान, लखनऊ
Lucknow News - लखनऊ के रहीमाबाद में रंजिश के चलते एक युवक स्कूल में घुसकर प्रिंसिपल को गोली मार दी। पेट में गोली लगने से प्रिंसिपल गंभीर रूप से घायल हो गए।
रहीमाबाद(लखनऊ), संवाददाता। राजधानी के रहीमाबाद में गुरुवार दोपहर एक सिरफिरे युवक ने स्कूल में घुसकर प्रिंसिपल को गोली मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपी दूसरे फायर की तैयारी कर रहा था तभी शिक्षकों और पड़ोसियों ने दौड़कर उसे पकड़ लिया। प्रिंसिपल ने ऑफिस में रखी अलमारी के पीछे छिपकर अपनी जान बचाने की कोशिश की गोली अलमारी से टकराकर उनके पेट में जा लगी। घायल प्रिंसिपल को पहले सीएचसी मलिहाबाद ले जाया गया जहां से उन्हें ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। प्रिंसिपल अनिल कुमार सिंह जो जुगराज गंज रेलवे स्टेशन रहीमाबाद के निवासी हैं, प्रभावती पीवी शिक्षण संस्थान में कार्यरत हैं।यह स्कूल रहीमाबाद रेलवे स्टेशन के पास स्थित है ।गुरुवार करीब 12 बजे जुगराज गंज निवासी विजय पाल वैगन आर कार से स्कूल पहुंचा और असलहा लहराते हुए सीधे ऑफिस में घुस गया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता उसने प्रिंसिपल पर तमंचा तान दिया। अनिल कुमार सिंह कुर्सी से उठकर अलमारी के पीछे छिप गए । इस दौरान आरोपी ने फायर कर दिया गोली अलमारी से टकराकर उनके पेट में जा लगी।
फायरिंग की आवाज सुनते ही शिक्षक और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। आरोपी दोबारा फायर करने ही वाला था कि लोगों ने उसे पकड़ लिया लेकिन वह छुड़ाकर धमकी देते हुए कार से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भेजा प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ट्रामा सेंटर भेज दिया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
फायरिंग से स्कूल में मची अफरा तफरी
गोली चलने की आवाज सुनकर स्कूल में मौजूद करीब 150 बच्चों में भगदड़ मच गई। बच्चे चीखते चिल्लाते हुए स्कूल से बाहर भागने लगे ।मौके पर मौजूद शिक्षकों जगदीश कुमार ,रमेश कुमार, कंचन, मानसी और अमित कुमार ने किसी तरह स्थिति को संभालते हुए बच्चों को शांत कराया।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित
इंस्पेक्टर रहीमाबाद अरुण कुमार त्रिगुनायक के अनुसार तहरीर में रंजिश के चलते हत्या के प्रयास का आरोप लगाया गया है आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। जानकारी मिली है कि आरोपी वैगन आर कार से रहीमाबाद की ओर भागा है पुलिस का कहना है कि उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पड़ोसियों और शिक्षकों की सूझबूझ से बची जान
फायरिंग के तुरंत बाद शिक्षक और पड़ोसी ऑफिस में पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया था हालांकि वह भागने में सफल रहा लेकिन समय रहते लोगों की सतर्कता से प्रिंसिपल की जान बच गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanहिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


