
संशोधित:: प्रेरणा स्थल पर होंगे व्यापक इंतजाम, बसों में कल कोडिंग होगी
Lucknow News - -परिवहन अफसरों से मांगी गई रूटवार बसों की संख्या -करीब दो लाख लोगों के शामिल
-पार्किग, पेयजल, भीड़ प्रबंधन, संचार सुविधाएं बेहतर होंगी -पार्किंग स्थल और डायवर्जन की जिम्मेदारी संबंधित जिलों के डीएम व एसपी की -प्रधानमंत्री के आगमन से पहले प्रशासन ने तेज की तैयारियां, जिलों को मिली भी जिम्मेदारी लखनऊ, प्रमुख संवाददाता बसंत कुंज योजना में निर्मित राष्ट्र प्रेरणा स्थल के भव्य लोकार्पण तैयारियां तेज हैं। सभी कार्यों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 दिसंबर को इस परियोजना का लोकार्पण करेंगे। प्रशासन ने व्यापक स्तर पर सुरक्षा, यातायात और जनसुविधा प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाल ली है। कार्यक्रम में करीब दो लाख लोगों के शामिल होने की संभावना है। प्रशासन इसी हिसाब से तैयारियां कर रहा है।
बुधवार को एलडीए के पारिजात सभागार में मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत और पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र सेंगर की अध्यक्षता में हुई बैठक में तैयारियों की समीक्षा की गई। प्रशासनिक, सुरक्षा, यातायात, जनसुविधा, संचार और परिवहन प्रबंधन पर बात हुई। जिलाधिकारी विशाख जी ने तैयारियों का प्रेजेंटेशन दिया। परिवहन एवं भीड़ प्रबंधन कार्यक्रम में अलग-अलग जिलों से आने वाले लोगों के लिए यूपीएसआरटीसी और अन्य परिवहन संसाधनों की समीक्षा की गई। पुलिस आयुक्त ने सभी जिलों को निर्देश जारी किए कि बसों की संख्या, रूट प्लान, सुपरवाइजर और नोडल अधिकारियों की सूची 15 दिसंबर तक उपलब्ध कराई जाए। भारी भीड़ को देखते हुए बसों की जनपदवार कलर कोडिंग की जाएगी। पार्किंग स्थलों का चयन और रूट डायवर्जन की जिम्मेदारी जिलाधिकारियों और संबंधित पुलिस अधिकारियों को सौंपी गई है। सुरक्षा व्यवस्था आईजी तरुण गाबा ने पुलिस एवं खुफिया विभाग को विस्तृत सुरक्षा योजना तैयार करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थल, मार्ग, पार्किंग और भीड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती होगी। एक मजबूत कंट्रोल रूम की स्थापना और त्वरित आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को मजबूत करने के लिए खास तैयारी की जा रही है। संचार व्यवस्था पुलिस आयुक्त ने कहा कि बस प्रभारियों, नोडल अधिकारियों और जिलेवार टीमों के बीच सतत संचार बनाए रखने के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाए जाएंगे। सभी जिलों को नोडल अधिकारियों का विवरण तय प्रारूप में समयसीमा के भीतर देने को कहा गया है। मंडलायुक्त ने मंच, बैठक व्यवस्था, प्रवेश-निर्गम द्वार, साइनेज, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा इकाई, अग्निशमन, प्रकाश व्यवस्था, सफाई सहित संपूर्ण जनसुविधाओं को मानक अनुसार समय से पूरा करने के निर्देश दिए। पीडब्ल्यूडी, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, एलडीए सहित सभी विभागों को अपने-अपने हिस्से का काम समयबद्ध पूरा करने को कहा गया। दैनिक प्रगति रिपोर्ट अनिवार्य मंडलायुक्त ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया कि वे अपनी-अपनी व्यवस्थाओं की दैनिक प्रगति रिपोर्ट मुख्य विकास अधिकारी को भेजें, ताकि कार्यक्रम की तैयारी समय से पूरी हो सके। यह कार्यक्रम प्रदेश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और सम्मान का विषय है। सभी विभागों को आपसी समन्वय और उच्च प्रशासनिक मानकों के साथ कार्य करना होगा, ताकि कोई कमी न रह जाए। बैठक में लखनऊ के अलावा लखीमपुर, हरदोई, सीतापुर, बाराबंकी के जिलाधिकारी, एलडीए वीसी, नगर आयुक्त और पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




