यूपी बोर्ड: हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की प्री बोर्ड परीक्षाएं शुरू
Lucknow News - गुरुवार से यूपी के माध्यमिक स्कूलों में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की प्री बोर्ड परीक्षाएं शुरू हुईं। कक्ष निरीक्षकों ने अपनी ड्यूटी को गंभीरता से लिया और प्रधानाचार्यों ने परीक्षा की शुचिता का निरीक्षण किया। छात्रों को वास्तविक बोर्ड परीक्षा जैसा अनुभव मिला। मुख्य उद्देश्य छात्रों को मुख्य बोर्ड परीक्षा के लिए तैयार करना है।

माध्यमिक स्कूलों में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की प्री बोर्ड परीक्षाएं गुरुवार से शुरू हुई। यूपी माध्यमिक शिक्षा परिषद के निर्देशानुसार स्कूलों ने परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था से लेकर कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी तक मुख्य बोर्ड परीक्षा की तर्ज पर लगायी। सुबह निर्धारित समय पर विद्यार्थियों को प्रश्न पत्र वितरित किए गए। प्रधानाचार्यों ने स्वयं विभिन्न कक्षाओं का दौरा कर परीक्षा की शुचिता का जायजा लिया। कक्ष निरीक्षक भी अपनी ड्यूटी को लेकर काफी मुस्तैद दिखे। छात्रों को वास्तविक बोर्ड परीक्षा जैसा अनुभव मिला। पहले दिन हाई स्कूल में हिंदी और इंटरमीडिएट में नागरिक शास्त्र विषय की परीक्षा हुई। प्रश्न पत्र में सवाल बोर्ड परीक्षा की तर्ज पर पूछे गए।
शिक्षकों के मुताबकि जिन परीक्षार्थियों की तैयारी अच्छी थी। उन्होंने तीन घंटे में सभी सवाल हल कर लिये, जबकि अन्य ने कई सवाल छोड़ दिये। ये पूरा प्रश्न पत्र हल नहीं कर पाए। डीआईओएस राकेश कुमार का कहना है कि प्री बोर्ड परीक्षा में माध्यमिक शिक्षा परिषद के निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जा रहा है। सभी स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। डीआईओएस ने कहा प्री-बोर्ड परीक्षाओं का मुख्य उद्देश्य छात्र- छात्राओं को मुख्य बोर्ड परीक्षा के लिए मानसिक और शैक्षणिक रूप से तैयार करना है। इस परीक्षा के माध्यम से छात्र स्वयं का आकलन कर सकेंगे। उन्हें अपनी तैयारी की कमियों का पता चलेगा, जिन्हें समय रहते दूर कर वे मुख्य परीक्षा में बेहतर अंक हासिल कर पाएंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


