Lucknow News: बिना बताए 5 किलोवाट लोड बढ़ाया, घर में अब भी वही पुराना सिंगल फेज मीटर

हिन्दुस्तान, लखनऊ
Follow us on Google News
share

Lucknow News: लखनऊ में बिजली विभाग उपभोक्ताओं की सहमति के बिना उनके कनेक्शन का लोड बढ़ा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान और सुरक्षा का खतरा हो रहा है। उपभोक्ताओं ने 1912 कार्यालय में इसकी शिकायत की है। नियम अनुसार 5 किलोवाट लोड पर थ्री-फेज मीटर लगाना चाहिए, लेकिन विभाग केवल कागजी कार्रवाई कर रहा है।

बिना बताए 5 किलोवाट लोड बढ़ाया, घर में अब भी वही पुराना सिंगल फेज मीटर

Lucknow News: लखनऊ, वरिष्ठ संवाददाता। बिजली विभाग उपभोक्ताओं की सहमति और बिना किसी पूर्व सूचना के उनके कनेक्शन का लोड बढ़ाकर फिक्स चार्ज तो वसूल रहा है, लेकिन परिसर पर थ्री-फेज मीटर नहीं लगा रहा। इससे उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ सुरक्षा का खतरा भी झेलना पड़ रहा है। परेशान उपभोक्ताओं ने सोमवार को हुसैनगंज स्थित 1912 कार्यालय, गोमतीनगर, पुरनिया और इंद्रलोक हाईडिल कॉलोनी बिलिंग कार्यालय पहुंचकर इसकी शिकायत दर्ज कराई। तीन मामलों से समझें गड़बड़ी

सामान्य जानकारी

फैजाबाद रोड स्थित एफसीआई उपकेंद्र के वादरखेड़ा निवासी होशिमा (खाता सं. 2212858189) के यहां पहले दो किलोवाट का सिंगल फेज कनेक्शन था। विभाग ने बिना नोटिस दिए इसे 5 किलोवाट लोड में तब्दील कर दिया, लेकिन थ्री-फेज मीटर नहीं लगाया।

अन्य मामले

तेलीबाग निवासी विद्यादेवी (खाता सं. 4362593000) के यहां भी पहले 4 किलोवाट का सिंगल फेज कनेक्शन था। विभाग ने बिना सूचना दिए लोड 5 किलोवाट कर दिया, लेकिन थ्री-फेज मीटर लगाने की जरूरत नहीं समझी।

गोमतीनगर के विवेकखंड निवासी बीपी सिंह (खाता सं. 9745280000) के यहां लंबे समय से 4 किलोवाट का सिंगल फेज कनेक्शन चल रहा था। विभाग ने बिना पूर्व सूचना के उनका लोड भी 5 किलोवाट कर दिया। नियमानुसार यहां थ्री-फेज मीटर लगना चाहिए था, लेकिन विभाग ने सिर्फ कागजी कार्रवाई पूरी कर पल्ला झाड़ लिया और मौके पर नया मीटर नहीं लगाया।

नियम क्या कहते हैं

उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग के दिशानिर्देशों के अनुसार, चार किलोवाट तक के लोड के लिए सिंगल फेज मीटर और कनेक्शन ही पर्याप्त होता है। जैसे ही स्वीकृत लोड 05 किलोवाट या उससे अधिक होता है, उपभोक्ता का कनेक्शन अनिवार्य रूप से थ्री-फेज में बदला जाना चाहिए। इसके लिए पहले उपभोक्ता को नोटिस देकर सहमति ली जाती है, फिर पुराना सिंगल फेज मीटर हटाकर नया थ्री-फेज मीटर लगाया जाता है, ताकि लोड का वितरण सुचारु रूप से हो सके।

बढ़ता बिल, बढ़ता खतरा

ग्रेटर लखनऊ जनकल्याण महासमिति के अध्यक्ष रूप कुमार शर्मा ने बताया कि लोड 4 से 5 किलोवाट होते ही उपभोक्ताओं के मासिक बिल में फिक्स चार्ज बढ़ जाता है, जिससे बिना किसी अतिरिक्त तकनीकी सुविधा के हर महीने ज्यादा भुगतान करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि सिंगल फेज मीटर और घरेलू वायरिंग अधिकतम 04 किलोवाट तक का ही लोड झेलने के लिए बनी होती है। जब कागजों पर लोड 05 किलोवाट दर्ज कर दिया जाता है और उपकरण ज्यादा चलते हैं, तो मीटर पर अत्यधिक दबाव पड़ता है, जिससे मीटर फुंकने, शार्ट-सर्किट होने या वायरिंग में आग लगने जैसा गंभीर खतरा बना रहता है।

उपभोक्ताओं का आरोप है कि लेसा केवल अपना राजस्व बढ़ाने और टारगेट पूरा करने के लिए बिना सोचे-समझे लोड बढ़ा रहा है। अपना व्यापार मंडल के वरिष्ठ पदाधिकारी अजय यादव ने मांग की कि या तो उनका लोड वापस चार किलोवाट के अंदर किया जाए, या फिर विभाग बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के तुरंत उनके परिसरों पर थ्री-फेज मीटर लगाए।

इस संबंध में अमौसी जोन के मुख्य अभियंता राम कुमार ने कहा,बिजली उपभोक्ताओं का कनेक्शन सिंगल फेज से थ्री फेज हो गया है तो मीटर बदलने की कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी उपभोक्ता का थ्री फेज मीटर नहीं लगाया गया है तो संबंधित अधिकारी से रिपोर्ट ली जाएगी। किसी उपभोक्ता का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा।

सामान्य प्रश्न

बिजली विभाग ने कनेक्शन का लोड बढ़ाने से पहले उपभोक्ताओं को क्या सूचना दी?
बिजली विभाग ने बिना किसी पूर्व सूचना के उपभोक्ताओं का कनेक्शन का लोड बढ़ा दिया।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।