Lucknow News: बिजली संकट से त्रस्त लोगों ने इटौंजा उपकेंद्र पर हंगामा किया
Lucknow News: बिजली संकट से त्रस्त लोगों ने इटौंजा उपकेंद्र का घेराव किया। ग्रामीणों ने जूनियर इंजीनियर के खिलाफ नाराजगी दिखाई और हंगामा किया। एक ट्रांसफार्मर जलने के बाद बिजली आपूर्ति बाधित रही। कैसरबाग और बंथरा में भी बिजली संकट का सामना करना पड़ा।

Lucknow News: बिजली संकट से त्रस्त लोगों ने शुक्रवार को इटौंजा उपकेंद्र का घेराव किया। नाराज लोगों ने जूनियर इंजीनियर, एसडीओ के खिलाफ नारेबाजी व हंगामा किया। इस दौरान उग्र भीड़ की कर्मचारियों से तीखी नोकझोंक हो गई। ग्रामीण 63 केवीए ट्रांसफार्मर उठाकर ले गए। हंगामे की सूचना पर जूनियर इंजीनियर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और उग्र भीड़ को शांत कराया। बीकेटी के इटौंजा उपकेंद्र के अंतर्गत बगहा गांव में गुरुवार रात 100 केवीए ट्रांसफर जल गया। सुबह तक बिजली नहीं आई तो परेशान लोगों ने उपकेंद्र से लेकर टोल फ्री 1912 पर शिकायत की। सुनवाई न होने से भड़के 50-60 लोग उपकेंद्र का घेराव करने पहुंच गए। लोगों ने जमकर हंगामा किया। बवाल बढ़ने पर कई कर्मचारी उपकेंद्र छोड़कर भाग गए। एसएसओ ने जूनियर इंजीनियर को फोन किया। आक्रोशित भीड़ ने बताया कि गांव में जबरदस्त बिजली कटौती हो रही है। जूनियर इंजीनियर ने कम क्षमता का ट्रांसफार्मर लगवाया है। कई बार ट्रांसफार्मर के क्षमता वृद्धि की मांग की गई, जिसके बाद ट्रांसफार्मर गुरुवार को बदल दिया गया, लेकिन रात में ही वह जल गया। इससे रात भर बिजली आपूर्ति बाधित रही। उन्होंने बताया कि 25 केवीए का ट्रांसफार्मर पहले से ही जला है जो अभी तक नहीं चढ़ाया गया। वहीं,एसडीओ जीशान अली ने बताया कि 100 केवीए का ट्रांसफार्मर चढ़ने के लिए सुबह ही हाइड्रा मंगाया गया था। तब तक ग्रामीण नारेबाजी करते हुए 25 केवीए ट्रांसफार्मर की जगह 63 केवीए के ट्रांसफार्मर को जबरदस्ती ले जाकर के चढ़ावा दिया, जबकि स्वीकृत 25 केवीए ट्रांसफार्मर की ही है.
कैसरबाग में बिजली खंभे व तारों में लगी आग
कैसरबाग निर्यात भवन स्थित 400 केवीए ट्रांसफार्मर के पास बिजली खंभे व तारों में आग लग गई। इससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत उपकेंद्र पर फोनकर बिजली सप्लाई बंद कराई। जूनियर इंजीनियर शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि कूड़े में आग लगने की वजह से इंटरनेट केबल जलने लगे। एक घंटे बाद बिजली सप्लाई सामान्य हो गई। इसके अलावा अलीगंज सेक्टर-एन1, सेक्टर-पी, सेक्टर-एम में बिजली गुल रही। फैजुल्लागंज में चार ट्रांसफार्मर के पास पानी भर गया। इससे लोरामऊ, न्यू मदरसा, पतंग मैदान, शिव नगर कॉलोनी की बिजली बंद करनी पड़ी.
बंथरा में चार घंटे से बिजली गुल, गर्मी में बेहाल ग्रामीण
सरोजनीनगर, संवाददाता।
कानपुर रोड स्थित गहरू उपकेंद्र के बंथरा और नींव फीडर की बिजली सप्लाई शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे बंद हो गई। देर शाम सात बजे तक बिजली आपूर्ति बहाल न होने से भीषण गर्मी में उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सबमर्सिबल पंप बंद होने से ग्रामीण बूंद-बूंद पानी के लिए भी परेशान रहे। जेई अमित उपाध्याय ने बताया कि नींव फीडर में केबल खराब होने व बंथरा फीडर की लाइन पर पेड़ की टहनियां गिरने से विद्युत आपूर्ति बाधित रही.

