ट्रांसमिशन क्षेत्र में छंटनी की तैयारी
Lucknow News - - विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति का आरोप, नियमित और संविदा कर्मचारी कम किए जाएंगे

विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति ने ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन में छंटनी की तैयारी किए जाने का आरोप लगाया है। संगठन के मुताबिक ट्रांसमिशन में व्यापक रीस्ट्रक्चरिंग लागू करने की तैयारी कर रहा है। इसमें नियमित और संविदा कर्मचारियों की छंटनी होगी।संघर्ष समिति के संयोजक शैलेंद्र दुबे ने बताया कि पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष ने हाल ही में हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में ट्रांसमिशन क्षेत्र में रिस्ट्रक्चरिंग प्रक्रिया प्रारंभ करने की घोषणा की है। पहले चरण में सिविल इंजीनियरिंग से जुड़े लगभग 150 पद समाप्त करने का ऐलान है। ट्रांसमिशन व्यवस्था में कई मंडलों व खंडों के विलय (मर्जर) का निर्णय लिया गया है।
इसके तहत गोरखपुर और प्रयागराज मंडलों को मिला कर एक वाराणसी मंडल, मुरादाबाद और ग्रेटर नोएडा मंडलों को मिला कर एक मेरठ मंडल बनाया जाएगा।इसके अतिरिक्त गौतम बुद्ध नगर व गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर व मुरादाबाद और आजमगढ़ व गोरखपुर खंडों के विलय की भी योजना है। प्रस्तावित ढांचे के अनुसार अधीक्षण अभियंता के पदों की संख्या सात से घटाकर पांच, अधिशासी अभियंता के पद कम करके 15, सहायक अभियंता के 62 पद घटा कर 30 और अवर अभियंता के 180 पद घटाकर मात्र 80 किए जाने का प्रस्ताव है। संघर्ष समिति का आरोप है कि इस तरह की छंटनी करके पावर कॉरपोरेशन निजीकरण की पृष्ठभूमि तैयार कर रहा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


