चारबाग की छह ट्रेन ट्रांसपोर्टनगर व ऐशबाग से चलेंगी
Lucknow News - - 31 जुलाई से 25 सितम्बर के बीच विभिन्न तारीखों में पावर ब्लॉक रहेगा

लखनऊ, वरिष्ठ संवाददाता। चारबाग रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो व तीन पर कॉन्कोर्स निर्माण के कारण 31 जुलाई से 25 सितम्बर के बीच विभिन्न तारीखों में पावर ब्लॉक लिया गया है। इससे देहरादून-बनारस एक्सप्रेस, नई दिल्ली बनारस एक्सप्रेस, बान्द्रा टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस समेत छह ट्रेन चारबाग की जगह ट्रांसपोर्ट नगर व ऐशबाग से चलेंगी। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के चारबाग स्टेशन का अपग्रेडेशन कार्य कराया जा रहा है। इससे प्लेटफॉर्म नंबर-चार व पांच पर नींव का काम कराया गया है, जिसके चलते करीब एक महीने का ब्लॉक लिया गया था। वहीं अब प्लेटफॉर्म नंबर दो व तीन पर निर्माण कार्य होना है, जिसके लिए इंजीनियरिंग विभाग की ओर से दो महीने का ब्लॉक मांगा गया है, लेकिन इस पर अभी मंथन चल रहा है।
हालांकि, निर्माण कार्य जुलाई के अंतिम सप्ताह में शुरू होगा। ये गाड़ियां ट्रांसपोर्टनगर से चलेंगी - देहरादून से 31 जुलाई से 24 सितम्बर तक चलने वाली 15120 देहरादून-बनारस एक्सप्रेस चारबाग की जगह ट्रांसपोर्टनगर से जाएगी। - नई दिल्ली से पहली अगस्त से 25 सितम्बर तक चलने वाली 15128 नई दिल्ली बनारस एक्सप्रेस चारबाग की जगह ट्रांसपोर्टनगर के रास्ते चलेगी। ऐशबाग के रास्ते चलेंगी ये ट्रेनें - बान्द्रा टर्मिनस से तीन, 10, 17, 24 एवं 31 अगस्त तथा सात, 14 एवं 21 सितम्बर को चलने वाली 22921 बान्द्रा टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस निर्धारित मार्ग मानकनगर-लखनऊ-मल्हौर के स्थान पर परिवर्तित मार्ग मानकनगर-ऐशबाग-मल्हौर के रास्ते चलाई जाएगी। - ग्वालियर से 31 जुलाई से 24 सितम्बर तक चलने वाली 11123 ग्वालियर बरौनी एक्सप्रेस मल्हौर की जगह ऐशबाग के रास्ते चलेगी। - गोरखपुर से पहली अगस्त से 25 सितम्बर तक चलने वाली 12555 गोरखपुर बठिण्डा एक्सप्रेस निर्धारित मार्ग मल्हौर-लखनऊ-मानकनगर के स्थान पर परिवर्तित मार्ग मल्हौर-ऐशबाग-मानक नगर के रास्ते चलाई जाएगी। - पुणे से दो, नौ, 16, 23 एवं 30 अगस्त तथा छह, 13 एवं 20 सितम्बर को चलने वाली 15030 पुणे-गोरखपुर एक्सप्रेस चारबाग की जगह ऐशबाग में रुकेगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




