लेबर कॉलोनी में बिना पानी की लाइन भेजा बिल
Lucknow News - राजाजीपुरम की गरीब महिलाओं ने नगर निगम मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। जलकल द्वारा बिना पानी की सप्लाई और सीवर व्यवस्था के भारी बिल थमाए गए हैं, जिससे महिलाएं परेशान हैं। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि नगर निगम उनकी समस्याओं को नजरअंदाज कर रहा है और उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी सुनवाई नहीं हुई, तो आंदोलन तेज होगा।

राजाजीपुरम की गरीब महिलाओं का नगर निगम मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन गरीब महिलाओं से नहीं मिले नगर निगम के अफसर लखनऊ, प्रमुख संवाददाता दरियापुर, राजाजीपुरम की लेबर कॉलोनी में जलकल की मनमानी एक बार फिर सामने आई है। जहां न पानी की सप्लाई है, न सीवर लाइन, वहां रहने वाली गरीब महिलाओं को 16 से 25 हजार रुपये तक के पानी के बिल थमा दिए गए। इस अन्याय के खिलाफ दर्जनों महिलाएं शुक्रवार को अपने-अपने लाल रंग के पानी के बिल हाथ में लेकर नगर निगम मुख्यालय पहुंचीं और जलकल, नगर निगम के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। घरों में झाड़ू-पोछा कर गुजर-बसर, बिल ने तोड़ दी कमर प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं ने बताया कि वे सभी बेहद गरीब हैं।
कोई विधवा है, तो कोई बुजुर्ग महिला अकेले जीवन काट रही है। ज्यादातर महिलाएं घरों में झाड़ू-पोंछा कर जैसे-तैसे पेट पाल रही हैं। कई महिलाओं के परिवार में कोई कमाने वाला नहीं है, फिर भी जलकल ने हजारों रुपये का पानी का बिल भेजकर उनकी कमर तोड़ दी है। पानी दिया नहीं, सीवर है नहीं, फिर बिल क्यों? महिलाओं का सीधा सवाल था कि जब उनके घरों में न तो पानी की लाइन है और न ही सीवर की व्यवस्था, तो जलकल किस आधार पर इतना भारी बिल भेज रहा है? सभी के मकान बहुत छोटे हैं। कुछ के कच्चे ही बने हैं। महिलाओं का कहना है कि जलकल की ओर से उन्हें पानी की एक बूंद तक नहीं मिलती। किसे कितना बिल भेजा, चौंकाने बाला आंकड़ा प्रदर्शन में शामिल सावित्री ने बताया कि उन्हें 25,231 रुपये का पानी का बिल भेजा गया है। मालती को 25,765 रुपये, रश्मि को 16,000 रुपये, सपना को 22,174 रुपये, आजाति को 22,490 रुपये, लक्ष्मी को 17,669 रुपये, चंद्रकाली को 24,448 रुपये का बिल थमाया गया है। सबसे चौंकाने वाला मामला 80 वर्षीय विष्णु का है, जिन्हें 20,554 रुपये का बिल भेज दिया गया, जबकि उनके परिवार में कोई भी नहीं है। लाल बिल लेकर फूटा गुस्सा नगर निगम मुख्यालय पर पहुंची सभी महिलाएं जलकल द्वारा जारी लाल रंग के पानी के बिल हाथ में लिए प्रदर्शन कर रही थीं। नारों के जरिए उन्होंने नगर निगम और जलकल विभाग पर गरीबों को डराने-धमकाने और आर्थिक उत्पीड़न का आरोप लगाया। महिलाओं का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। नगर निगम नहीं सुनेगा तो सरकार सुने प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं ने साफ कहा कि अगर नगर निगम और जलकल उनकी समस्याओं को नहीं सुनते, तो वे सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाएंगी। लेबर कॉलोनी की महिलाओं ने चेतावनी दी कि अगर फर्जी और मनमाने पानी के बिल वापस नहीं लिए गए, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


