पत्नी की हत्या के फरार आरोपी की गृहस्थी कुर्क
Lucknow News - सरोजनीनगर, संवाददाता। बंथरा पुलिस ने रविवार को कई माह से फरार चल रहे गर्भवती

सरोजनीनगर, संवाददाता। बंथरा पुलिस ने रविवार को कई माह से फरार चल रहे गर्भवती पत्नी की हत्या के आरोपी के घर की न्यायालय के आदेश से कुर्की की है। ग्रामीणों की मौजूदगी में पुलिस ने नियमानुसार आरोपी की गृहस्थी कुर्क कर थाने ले गई। बंथरा के मवई पड़ियाना गांव की ग्राम प्रधान सीमा रानी 4 अप्रैल को जब पति राम प्रकाश के साथ सरोजनी नगर के गौरी बाजार गई थी, तभी उसके बेटे संदीप रावत ने अपनी सात माह की गर्भवती पत्नी मीरा की निर्मम हत्या कर दी थी। मामले में हरदोई के कासिमपुर बेहंदर थाना क्षेत्र के रमपुरवा भटौली निवासी मृतका के पिता कालिका प्रसाद ने उसके पति संदीप, कुलदीप व उत्कर्ष और उसके संदीप के मां-पिता के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
घटना के बाद आरोपियों को जेल भेज दिया गया था, लेकिन मुख्य आरोपी संदीप फरार चल रहा है। उसके खिलाफ कई बार न्यायालय द्वारा नोटिस और वारंट जारी किए गए, लेकिन वह न्यायालय में पेश नहीं हुआ। इसको लेकर पुलिस ने संदीप के घर की कुर्की के लिए न्यायालय से गुहार लगाई थी। न्यायालय के आदेश पर रविवार को पुलिस ने आरोपी के चाचा मुन्नालाल, गांव की कार्यवाहक प्रधान अनीता सहित कई लोगों के सामने आरोपी के घर कुर्की की।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




