पूर्व सांसद धनंजय सिंह को जारी होगा नोटिस, जमीन कब्जे के मामले में बयान दर्ज करेगी पुलिस

Jan 02, 2026 02:26 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, लखनऊ
share Share
Follow Us on

Lucknow News - अहिमामऊ स्वास्तिका सिटी में जमीन कब्जे के लिए पूर्व सांसद धनंजय सिंह और ब्लॉक प्रमुख पति विनय सिंह को पुलिस नोटिस जारी करने की तैयारी कर रही है। सोसाइटी के लोगों ने आरोप लगाया कि दीवार खड़ी कर रास्ता बंद किया गया था। पुलिस ने गनर की भूमिका की भी जांच शुरू की है और सुरक्षा के लिए गश्त बढ़ा दी है।

पूर्व सांसद धनंजय सिंह को जारी होगा नोटिस, जमीन कब्जे के मामले में बयान दर्ज करेगी पुलिस

अहिमामऊ स्वास्तिका सिटी में जमीन कब्जे के लिए दीवार खड़ी कर रास्ता बंद करने के मामले में पुलिस पूर्व सांसद धनंजय सिंह और ब्लॉक प्रमुख पति विनय सिंह को नोटिस जारी करने की तैयारी कर रही है। सोसाइटी के अन्य प्लॉटों की भी पैमाइश पुलिस कराएगी। इस संबंध में एलडीए से भी पुलिस ने संपर्क किया है, जिससे कब्जेदारों के बारे में और जानकारी मिल सके। इसके साथ ही पुलिस पूर्व सांसद धनंजय सिंह की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस ने ब्लॉक प्रमुख पति विनय सिंह के गनर के बारे में भी जांच कर रही है। इस संबंध जौनपुर जिला प्रशासन और पुलिस को पत्रचार किया है।

यह पुष्टि की जा रही है कि विनय सिंह जो गनर लेकर चल रहे थे, वह उनकी पत्नी का है अथवा उन्हें मिला है। पत्नी का गनर है तो उनके साथ क्यों था? अगर विनय सिंह को जारी हुआ तो किस कारण से? पुलिस कॉलोनी में लगे सीसी फुटेज खंगालने के साथ ही वायरल वीडियो से यह जानकारी जुटा रही है कि गनर ने बवाल के दौरान क्या किया था? उसकी क्या भूमिका थी? अगर गनर की भूमिका मिली तो उस पर निलंबन की कार्रवाई भी की जाएगी। स्वास्तिका सिटी सोसाइटी के लोगों में दहशत देखकर वहां पुलिस लगातार गश्त कर रही है। दिन और रात के समय पुलिस वहां का पहरा रहता है, जिससे दोबारा कोई हंगामा न हो सके। इसके साथ ही दीवार का निर्माण कार्य बंद है। बिल्डिंग मैटेरियल अभी मौके पर ही पड़ा है। डीसीपी दक्षिणी निपुण अग्रवाल ने बताया कि घटना से जुड़े हर पहलू पर जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सुशांत गोल्फ सिटी थाने में बुधवार को पूर्व सांसद धनंजय सिंह, उनके करीबी ब्लॉक प्रमुख पति विनय सिंह, गनर और 10 अन्य लोगों पर जमीन पर कब्जे के विवाद में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा स्वास्तिका सिटी में रहने वाले कौशल तिवारी ने दर्ज कराया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि पूर्व सांसद के करीबी विनय सिंह आदि ने जमीन पर कब्जा करने के लिए दीवार खड़ी कर रास्ता रोक दिया। इससे नाराज सोसाइटी के लोगों ने दीवार गिरा दी तो विनय सिंह, उनके गनर और साथियों ने असलहे तान कर सोसाइटी के लोगों को धमकी दी। पीड़ित शिकायत लेकर थाने पहुंचे तो आरोपियों के दबाव में इंस्पेक्टर सुशांत गोल्फ सिटी उपेंद्र सिंह ने उल्टा उन्हीं पर मुकदमा दर्ज कर लिया। एकपक्षीय कार्रवाई से आहत पीड़ित पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र सेंगर के पास पहुंचे। उन्होंने प्राथमिक जांच के आधार पर इंस्पेक्टर को लाइन हाजिर कर दिया था।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।