Lucknow News: हुसैनगंज के युवक की 50 दिन बाद भी नहीं लिखी रिपोर्ट
Lucknow News: - युवक ने हुसैनगंज पुलिस से लेकर आला अफसरों तक लगाए कई चक्कर -

Lucknow News: कमिश्नरेट पुलिस की कार्यशैली की अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हुसैनगंज के युवक के साथ हुई सवा पांच लाख रुपए की धोखाधड़ी और ठगी की रिपोर्ट 50 दिन बाद भी नहीं लिखी जा सकी है। पीड़ित युवक हुसैनगंज थाने से लेकर पुलिस के आला अफसरों तक के चक्कर लगा रहा है। रोजाना उसे जांच किए जाने की बात कहकर टरकाया जाता है। यहां तक की उसे पुलिस वालों ने यह भी सलाह दे डाली कि वह कोर्ट से एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू करे। धोखाधड़ी करने के आरोपी आराम से घूम रहे हैं। हुसैनगंज पुलिस उन्हें पकड़ने में दिलचस्पी नहीं दिखा रही है।
मॉल एवेन्यू के रजा नगर शिव पुरम निवासी मो. यासीन के मुताबिक उसने कैंट रोड उदयगंज के मो. रियाज को व्यापार के लिए धनराशि निवेश करने के प्रस्ताव पर नौ बार में ऑनलाइन और नकद पांच लाख 26 हजार रुपए दिए। आरोपी ने समय से रकम वापस करने, मुनाफा देने का आश्वासन दिया था। पर, आरोपी मो. रियाज ने कई बार मांगने पर रुपए वापस नहीं किए। साथ ही धमकाया गया कि कहीं शिकायत की तो जान से मार देंगे। धोखाधड़ी व खुद के साथ ठगी महसूस करते हुए मो. यासीन ने हुसैनगंज थाने में पहली बार 24 मई को तहरीर दी। थाने से उसे पुराना किला पुलिस चौकी भेजा गया। इस तरह से थाने से चौकी, फिर एसीपी हजरतगंज और डीसीपी मध्य कार्यालय के पीड़ित यासीन आज तक चक्कर लगा रहा है। यासीन ने बताया कि एसीपी हजरतगंज ने उसकी सुनवाई करते हुए हुसैनगंज थाने के पुलिस वालों को जरुरी कार्रवाई के निर्देश भी दिए, लेकिन आज तक उसकी रिपोर्ट नहीं दर्ज हुई है। इसी बीच एक पुलिसकर्मी ने उसे कोर्ट से मुकदमा लिखाने की भी सलाह दे दी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


