Lucknow News: जेई को ऑटो में बंधक बनाकर लूटने वाला गिरफ्तार,दो किशोर भी पकड़े
Lucknow News: - लूटे गए मोबाइल, रुपये और ई-ऑटो बरामद, चौथे आरोपी की तलाश - ऑटो व

Lucknow News: मड़ियांव पुलिस ने बिजली विभाग के जेई को ऑटो में बंधक बनाकर लूटपाट करने वाले एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। वारदात में शामिल दो किशोरों को भी पुलिस ने पकड़ा है। आरोपियों के पास से लूटे गए दो मोबाइल, तीन हजार रुपये और लूट में प्रयुक्त ई-ऑटो बरामद किया गया है। पुलिस गिरोह में शामिल चौथे आरोपी की तलाश में दबिशें दे रही है।
वारदात का विवरण
मड़ियांव इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा ने बताया कि मड़ियांव के महर्षि नगर निवासी अश्वनी कुमार वर्मा बाराबंकी के सुबेहा उपकेंद्र में अवर अभियंता के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने 15 जुलाई को चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज करायी थी। पीड़ित ने बताया कि 14 जुलाई को बेटे की तबीयत खराब होने पर वह देर रात बाराबंकी से लखनऊ पहुंचे। मड़ियांव स्थित प्रधान मैरिज लॉन के पास वे घर तक जाने के लिए ऑटो में बैठे। ऑटो में चालक के अलावा तीन लोग पहले से मौजूद थे। मधुवन विहार कॉलोनी की तरफ गलियों में ऑटो ले जाने पर विरोध करने पर बदमाशों ने उनका मुंह दबाया और मारपीट कर 20 हजार रुपये व दो मोबाइल लूट लिए। इसके बाद उन्हें चलते ऑटो से धक्का दे दिया।
पुलिस की कार्रवाइयाँ
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो ऑटो कैद हो गया। फुटेज की मदद से पुलिस टीम ने भिठौली तिराहे से दो किशोरों समेत तीन को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुमित शर्मा निवासी कमलापुर सीतापुर हालपता हरिओमनगर मड़ियांव बताया। सुमित साइकिल रिपेयरिंग का काम करता था। एक किशोर ऑटो चालक है। सुमित के खिलाफ पहले से मड़ियांव थाने में एक मामला दर्ज है। पुलिस ने आरोपी को जेल और किशोरों को बाल सुधार गृह भेज दिया है。
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


