कलेक्शन एजेंट से 75 लाख की लूट में सेवी ग्रांड होटल कर्मचारी समेत पांच गिरफ्तार

Newswrap हिन्दुस्तान, लखनऊ
share

Lucknow News - विभूतिखंड में 75 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने सेवी ग्रांड होटल के कर्मचारी और चार अन्य को गिरफ्तार किया है। लूट का मुख्य आरोपी होटल का कर्मचारी था, जिसने योजना बनाई थी। पुलिस ने 45 लाख रुपये और बिना नंबर की एसयूवी बरामद की है। लूट की रकम हवाला से जुड़ी हो सकती है।

कलेक्शन एजेंट से 75 लाख की लूट में सेवी ग्रांड होटल कर्मचारी समेत पांच गिरफ्तार

विभूतिखंड में कलेक्शन एजेंट से 75 लाख रुपये लूट के मामले में पुलिस ने सेवी ग्रांड होटल के कर्मचारी, उसके चचेरे भाई और दो प्रॉपर्टी डीलर समेत पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बदमाशों के पास से 45 लाख रुपये और वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की काली एसयूवी (स्कॉर्पियो) भी बरामद कर ली है। पुलिस की तफ्तीश में पता चला कि लूट सेवी ग्रांड होटल के कर्मचारी ने मुखबिरी कर कराई थी। पुलिस और क्राइम ब्रांच को लूटकांड की रकम के तार हवाला से जुड़े होने की आशंका है। टीमें इस दिशा में भी तफ्तीश कर रही हैं।

पुलिस उपायुक्त पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा के मुताबिक गिरफ्तार बदमाशों में होटल सेवी ग्रांड का कर्मचारी राहुल यादव निवासी तकरोही बादशाह खेड़ा, उसका चचेरा भाई आकाश, सुशांत गोल्फ सिटी माढ़रमऊ कला का रहने वाला अतुल कुमार रावत, प्रॉपर्टी डीलर विशाल सिंह निवासी दिलकुशा पिपरा घाट, विराजखंड तख्वा का रहने वाला अमित कुमार है।उन्होंने बताया कि चार अप्रैल को मरकुलिक्स बिजनेस सॉल्यूशन कंपनी के कलेक्शन एजेंट निकुल सिंह ने पुलिस कंट्रोल रूम में लूट की सूचना दी थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर निकुल से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि वह गुजरात के परपाटन के रहने वाले हैं। सेवी ग्रांड होटल से बैग में रुपये लेकर बैग में रखे। स्कूटी से जा रहे थे। होटल से कुछ दूरी पर पीछे से आए काली एसयूवी सवार बदमाशों ने स्कूटी में टक्कर मारी। इससे वह गिर गए। इसके बाद रुपये से भरा बैग लूट ले गए। बैग में 25 लाख रुपये थे।इसके बाद एडीसीपी ब्रज नारायण सिंह, एसीपी विभूतिखंड विनय द्विवेदी के निर्देशन में इंस्पेक्टर अमर सिंह और क्राइम ब्रांच समेत 10 टीमें खुलासे के लिए लगाई गईं। पुलिस टीम ने सीसी फुटेज और सर्विलांस की मदद से बदमाशों का रूट मैप तैयार किया। तफ्तीश में पता चला कि होटल कर्मचारी राहुल की भूमिका है। राहुल से पूछताछ कर घटना की कड़ी से कड़ी जोड़ी गई। इसके बाद अन्य बदमाशों के बारे में जानकारी मिली। पुलिस टीम ने शुक्रवार को कठौता झील चौराहे के पास से बदमाशों को धर दबोचा। पूछताछ में घटना का राजफाश हुआ। 45 लाख रुपये, वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो बरामद कर ली गई।

Voice of UP
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।