एकेटीयू: पीएचडी प्रवेश के लिए आवेदन शुरू, गेट नेट और जीमैट अभ्यर्थियों को सीधे दाखिले
Lucknow News - -नॉन फेलोशिप के लिए सीटें तय नहीं कीं संस्थान ने -सामान्य व ओबीसी के लिए

लखनऊ, संवाददाता। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय में शैक्षिक सत्र 2025-26 में पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया की शुरुआत हो गई है। इसके तहत जिन अभ्यर्थियों ने गेट, नेट, जीमैट, कैट, सीमैट, जीपैट और पीजीईटीए या बीते पांच वर्षों में कोई अन्य राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा पास की है, उन्हें साक्षात्कार के जरिए सीधे प्रवेश मिल सकेगा। लेकिन यह एकेटीयू फेलोशिप के पात्र नहीं होंगे। इस संबंध में एआईसीटीई और यूजीसी ने पहले से निर्देश जारी कर रखे हैं। कुलपति प्रो. जेपी पांडेय ने बताया कि 20 क्षेत्रों में विशेषज्ञता हासिल करने के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों के आवेदन मांगे गए हैं। अभ्यर्थी एकेटीयू की वेबसाइट के होम पेज पर जाकर विवि की ईआरपी के जरिए आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन शुल्क तयः सामान्य व ओबीसी अभ्यर्थियों के लिए दो हजार और एससी, एसटी, महिला, पीडबल्यूडी अभ्यर्थियों के लिए एक हजार रुपये आवेदन शुल्क तय किया गया है। एकेटीयू फेलोशिप की 25 सीटें कुलपति प्रो. पांडेय का कहना है कि पीएचडी के लिए एकेटीयू फेलोशिप की 25 सीटें हैं। जबकि नॉन फेलोशिप के लिए सीटें तय नहीं की गई हैं। उनका कहना है कि 15 सितंबर तक आवेदन लिए जाएंगे। इसके बाद 22 सितंबर को प्रवेश पत्र जारी करने की तिथि प्रस्तावित की गई है। वहीं लिखित परीक्षा के लिए 27 सितंबर की अनंतिम तिथि है। अधिक जानकारी के लिए एकेटीयू की वेबसाइट देख सकते हैं। इन 20 विषयों में कर सकेंगे पीएचडी कुलपति प्रो. जेपी पांडेय के अनुसार, इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी संकाय में बायो टेक्नोलॉजी, सिविल इंजीनियरिंग, एनवायरमेंटल साइंस एंड इंजीनियरिंग, केमिकल इंजीनियरिंग या केमिकल टेक्नोलॉजी, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, टेक्सटाइल इंजीनियरिंग, डिजाइन, मेकाट्रॉनिक्स, नैनो टेक्नोलॉजी, मैन्युफैक्चरिंग टेक्नोलॉजी एंड आटोमेशन, एनर्जी साइंस एंड टेक्नोलॉजी में पीएचडी कर सकते हैं। फार्मेसी संकाय में फार्मेसी, एफओएपी में आर्किटेक्चर, मैनेजमेंट संकाय में मैनेजमेंट और एप्लाइड साइंस संकाय में भौतिकशास्त्र, रसायन विज्ञान और गणित में पीएचडी कर सकेंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




