धोबिया नृत्य का आकर्षण और जय हिन्द के उद्घोष के साथ निकली तिरंगा रन यात्रा
Lucknow News - लखनऊ में आजादी के अमृत महोत्सव और हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा रन का आयोजन किया गया। यह यात्रा नेताजी सुभाष चंद्र बोस गर्ल्स पी.जी. कॉलेज से प्रारंभ होकर ललित कला अकादमी तक गई। सैकड़ों लोग, छात्र...

लखनऊ, कार्यालय संवाददाता आजादी के अमृत महोत्सव और हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत, ललित कला अकादमी, क्षेत्रीय केन्द्र, नेता जी सुभाष चंद्र बोस गर्ल्स पी.जी. कॉलेज और उत्तर प्रदेश लोक एवं जनजातीय संस्कृति संस्थान की ओर से तिरंगा रन का आयोजन किया गया। यह तिरंगा रन यात्रा नेताजी सुभाष चंद्र बोस गर्ल्स पी.जी. कॉलेज के प्रांगण से देशभक्ति के नारों और तिरंगे की लहराती छटा के साथ प्रारंभ हुई। कॉलेज परिसर से निकलकर यह यात्रा पुरनिया और ललित कला अकादमी, क्षेत्रीय केन्द्र अलीगंज से होते हुए पुनः कॉलेज में समाप्त हुई। जिसमें सैकड़ों युवा, छात्र-छात्राएं, स्थानीय नागरिक एवं विभिन्न सांस्कृतिक और सामाजिक संस्थाओं के सदस्य शामिल हुए।
हाथों में तिरंगा, चेहरे पर मुस्कान और दिल में मातृभूमि के प्रति प्रेम—युवाओं के कदम पूरे शहर को देशभक्ति से सराबोर कर रहे थे। पूरे मार्ग पर उपस्थित नागरिकों, दुकानदारों और राहगीरों ने तिरंगा लहराकर प्रतिभागियों का स्वागत किया और देशभक्ति के गीतों के साथ कदमताल मिलाई। तिरंगा रन यात्रा में विशेष आकर्षण के रूप में धोबिया लोक गायक और नृत्य कलाकार इस यात्रा के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहे थे। ढोलक की थाप और झांझ की गूंज के बीच वे देशभक्ति गीत गा रहे थे जिनमें गांव की मिट्टी की खुशबू और भारत के गौरव की महक दोनों शामिल थीं। यात्रा के दौरान ‘वंदे मातरम, ‘भारत माता की जय और ‘जय हिंद के उद्घोष निरंतर गूंजते रहे। यात्रा के समापन पर संगीतकार अभिषेक श्रीवास्तव ने अपनी संगीतमय प्रस्तुति से माहौल को और भी जीवंत बना दिया। मुख्य अतिथि, यूपी एसएनए के अध्यक्ष प्रो. जयंत खोत ने कहा कि भारत की शक्ति उसकी विविधता और एकजुटता में है। इस मौके पर महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. रश्मि बिश्नोई, पुलिस उपायुक्त जितेंद्र द्विवेदी , विभा सिंह, डॉ. शोभित नाहर समेत अन्य मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




