
लोहिया संस्थान में अल्ट्रासाउंड के लिए मिल रही तारीख
Lucknow News - लोहिया संस्थान में ओपीडी मरीजों को अल्ट्रासाउंड और एमआरआई जांच के लिए लम्बी वेटिंग का सामना करना पड़ रहा है। मरीजों को जांच के लिए एक महीने की तारीख मिल रही है और कई मरीज निजी केंद्रों पर जांच कराने को मजबूर हैं। प्रशासन ने मशीन स्थापित करने में देरी की है।
लोहिया संस्थान में ओपीडी मरीजों को अल्ट्रासाउंड और एमआरआई की जांच कराने में सांसें फूली जा रही हैं। ओपीडी मरीजों की एमआरआई जांच करीब एक माह की वेटिंग चल रही है। अल्ट्रासाउंड के लिए भी मरीजों को तीन से पांच दिन का इंतजार करना पड़ रहा है। बाद की तारीख मिलने से मरीजों को चक्कर लगाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं, ज्यादातर मरीज निजी डायग्नोस्टिक सेंटर में अधिक कीमत पर जांच कराने को मजबूर हैं। लोहिया संस्थान में दो एमआरआई मशीन थीं। रेडियोथेरेपी भवन में लगी एमआरआई मशीन करीब आठ माह से खराब है। ऐसे में मरीजों को हॉस्पिटल ब्लॉक में लगी मशीन पर जांच के लिए भेजा जा रहा है।

इमरजेंसी, भर्ती व ओपीडी मरीजों का काफी दबाव है। नतीजतन ओपीडी मरीजों को एक माह बाद की तारीख दी जा रही है। सबसे ज्यादा दिक्कत, सिर, रीढ़ की हड्डी, पेट के कैंसर आदि से पीड़ित मरीजों को झेलनी पड़ रही है। 200 से अधिक मरीज जांच के इंतजार में हैं। बदइंतजामी का आलम यह है कि कई माह गुजरने के बाद भी संस्थान प्रशासन एमआरआई मशीन नहीं स्थापित कर पाया। अल्ट्रासाउंड जांच के लिए मरीजों को चार से पांच दिन बाद की तारीख दी जा रही है। इसकी वजह से मरीजों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार को दुर्गेश कुमार को डॉक्टर ने अल्ट्रासाउंड जांच की सलाह दी। उन्हें चार दिन बाद की तारीख देकर जांच के लिए बुलाया गया। इसी तरह ओपीडी में कई मरीजों को आगे की तारीख देकर चलता कर दिया गया। निजी केंद्र में जांच को मजबूर अल्ट्रासाउंड व एमआरआई जांच की वेटिंग से मरीजों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। परेशान हाल मरीज प्राइवेट डायग्नोस्टिक सेंटर से जांच कराने को मजबूर हैं। यहां मरीजों से जांच के एवज में मोटी रकम वसूली जा रही है। वर्जन मशीन का आर्डर हो गया है। निर्माण भी शुरू करवा दिया गया है। जल्द ही मरीजों को राहत मिलेगी। डॉ. विक्रम सिंह, सीएमएस लोहिया संस्थान

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




