ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश लखनऊअफसर फील्ड में निकलें, धान खरीद केंद्रों का निरीक्षण करें : योगी

अफसर फील्ड में निकलें, धान खरीद केंद्रों का निरीक्षण करें : योगी

राज्य मुख्यालय। विशेष संवाददाता। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सभी धान क्रय केन्द्रों में सही व्यवस्था रखने को कहा है। उन्होंने कहा कि अधिकारी फील्ड में निकलकर धान क्रय...

अफसर फील्ड में निकलें, धान खरीद केंद्रों का निरीक्षण करें : योगी
हिन्दुस्तान टीम,लखनऊMon, 19 Nov 2018 10:51 PM
ऐप पर पढ़ें

राज्य मुख्यालय। विशेष संवाददाता। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सभी धान क्रय केन्द्रों में सही व्यवस्था रखने को कहा है। उन्होंने कहा कि अधिकारी फील्ड में निकलकर धान क्रय केन्द्रों का नियमित निरीक्षण करें। धान क्रय केन्द्रों पर किसानों को सभी आवश्यक सुविधाएं सुलभ करायी जाएं। मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश के चुनावी दौरे से लौट कर सोमवार रात अधिकारियों की बैठक में निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह पक्का कर लिया जाए कि धान बेचने के इच्छुक किसान को किसी भी दशा में कोई परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि धान क्रय के सम्बन्ध में किसी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही क्षम्य नहीं होगी और सम्बन्धित के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को मूल्य समर्थन योजना का पूरा लाभ दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसलिए किसी भी स्तर से इसमें कोई भी कोताही न बरती जाए। समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि 15 नवम्बर, 2018 को मुख्यमंत्री जी की धान क्रय के सम्बन्ध में वीडियो कान्फ्रेंसिंग के पश्चात धान क्रय में काफी तेजी आयी है। पहले जहां प्रतिदिन दो से ढाई हजार मीट्रिक टन खरीद हो रही थी, वहीं अब 20 हजार मीट्रिक टन तक प्रतिदिन धान खरीद हो रही है। इस अवसर पर मुख्य सचिव डा0 अनूप चन्द्र पाण्डेय, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री श्री एस0पी0 गोयल, प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद निवेदिता शुक्ला वर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें