नगर निगम की जमीन से अवैध बस्ती हटाने का आदेश
लखनऊ। प्रमुख संवाददाता
महापौर ने भवानीगंज व शीतला देवी वार्ड का निरीक्षण किया, अधिकारियों को चेतावनीलखनऊ। प्रमुख संवाददाताशीतला देवी वार्ड में नगर निगम की जमीन पर अवैध रूप से बसाई गई बस्ती पर महापौर संयुक्ता भाटिया ने अधिकारियों को फटकार लगाई और जमीन खाली कराने का आदेश दिया है। जगह-जगह गंदीगी व अव्यवस्था मिलने पर जोनल अधिकारी के साथ अन्य अधिकारियों को चेतावनी दी है।महापौर संयुक्त भाटिया ने शनिवार को जोन-6 स्थित भवानीगंज एवं शीतला देवी वार्ड का निरीक्षण किया। शीतलादेवी वार्ड में जगह-जगह गंदगी का ढेर मिला। लोगों ने बताया कि नगर निगम की जमीन पर अवैध रूप से बस्ती बसा दी गई है। कुछ दबंगो द्वारा उनसे किराया भी वसूला जाता है। पार्षद साधना वर्मा ने बताया कि अवैध बस्ती के कारण नाला दब गया है। पानी की निकासी भी बंद हो गयी है। महापौर ने जेई डीके मिश्रा, एई हरिराम को चेतावनी देते हुए अवैध बस्तियों और अवैध डेरियों को तुरन्त नोटिस देकर खाली करने का निर्देश दिया। भवानीगंज वार्ड में सीवर लाइन बदहाल पड़ी मिली। जिससे आएदिन सीवर चोक रहने की समस्या बताई गई। भवानीगंज वार्ड के पार्षद संतोष कुमार राय ने बताया कि जोशी टोला मोहल्ले में जल-आपूर्ति की व्यवस्था दुरुस्तर नहीं है। लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। महापौर ने जोनल अधिकारी को सर्वे कर ट्यूबवेल की व्यवस्था करने को कहा। ज्वारे वाली गली, मेहंदीगंज की टूटी फूटी सड़के, नालियां एवं सड़क पर बिखरी गंदगी देख महापौर ने जोनल अधिकारी बिन्नो रिजवी को चेतावनी देकर जल्द से जल्द सब कुछ दुरुस्त करने का आदेश दिया। दोबारा अव्यवस्था मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। इस मौके पर दीप प्रकाश सिंह, अभिषेक बाजपेई, वैभव सिंह, अभिषेक श्रीवास्तव, अनिल शर्मा, मनोज तिवारी आदि लोग मौजूद रहे।