Lucknow News: अनाधिकृत बसों पर 'आपरेशन कवच' का प्रहार, 16 सीज
Lucknow News: -परिवहन विभाग के अभियान में 66 वाहनों का चालान -लखनऊ, हरदोई, रायबरेली, सीतापुर के अधिकारी

Lucknow News: यात्रियों की सुरक्षा और अनाधिकृत वाहनों पर लगाम लगाने के लिए परिवहन विभाग ने 'आपरेशन कवच' अभियान शुरू किया है। दो दिनी इस अभियान के पहले दिन ही 66 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 16 वाहनों को सीज किया गया। कार्रवाई में 14 बसों और 02 कार/आर्टिगा सहित कुल 16 वाहन निरुद्ध किए गए। अभियान का संचालन शहर के प्रमुख 04 मार्गों पर 04 अलग-अलग टीमों ने किया। टीमों ने आलमबाग चौराहा से नहरिया रोड, लखनऊ पीजीआई मार्ग, लखनऊ-सुलतानपुर रोड पर अहिमामऊ के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस वे और पॉलीटेक्निक से कमता-अयोध्या मार्ग पर सघन जांच की। निरुद्ध की गई बसें परमिट शर्तों के विपरीत संचालित हो रही थीं। 04 स्लीपर बसों की छत पर व्यावसायिक माल लादकर ढुलाई की जा रही थी, जिसे भी परमिट उल्लंघन मानते हुए सीज कर दिया गया। अभियान उप परिवहन आयुक्त, लखनऊ परिक्षेत्र राधेश्याम और आरटीओ प्रवर्तन प्रभात पाण्डेय के निर्देशन में चलाया गया। टीम में एआरटीओ प्रवर्तन आलोक कुमार यादव, आस्था बंसल, यात्री/मालकर अधिकारी रायबरेली विक्रान्त सिंह, उन्नाव विनय कुमार पाण्डेय, हरदोई खेमानन्द पाण्डेय, सीतापुर आब्दीन अहमद के साथ राज्य कर विभाग, परिवहन निगम और यातायात पुलिस के अधिकारी शामिल रहे।
जांच अभियान की जानकारी
चार बसें गृह राज्य से संचालित नहीं हो रही थीं
परमिट उल्लंघन के मामले
जांच अभियान के दौरान चौंकाने वाली बात यह रही कि 04 स्लीपर बसें ऐसी मिलीं, जो अपने गृह राज्य से संचालित न होकर दो अलग-अलग राज्यों के बीच चल रही थीं। ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट की शर्तों के अनुसार ऐसे वाहनों का संचालन या तो गृह राज्य से शुरू होना चाहिए या वहीं समाप्त होना चाहिए। आरटीओ प्रवर्तन प्रभात पाण्डेय ने बताया कि नियमों के उल्लंघन में पकड़ी गई बसों के परमिटों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए संबंधित अथॉरिटी को संस्तुति भेजी जाएगी।


