
दोस्त से व्हाट्सएप चैट के बाद छात्रा ने दी जान
Lucknow News - बीकेटी में एक नर्सिंग छात्रा प्रियांशी का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। उसकी बड़ी बहन नैंसी ने बताया कि मंगलवार रात प्रियांशी का एक युवक से विवाद हुआ था। पुलिस ने उसकी मोबाइल से व्हाट्सएप चैट की जांच की, जिसमें आत्महत्या की बात सामने आई। कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
बीकेटी में किराए के मकान में रहती थी छात्रा कमरे में फंदे पर लटका मिला प्रियांशी का शव बीकेटी, संवाददाता। बख्शी का तालाब थाना क्षेत्र के बरगदी गांव में मंगलवार रात लखीमपुर खीरी निवासी नर्सिंग की छात्रा ने कमरे में फंदे से लटक कर खुदकुशी कर ली। घटना से पहले एक युवक से व्हाट्सएप चैट की बात सामने आई है। बुधवार सुबह बड़ी बहन ड्यूटी से लौटी तब घटना की जानकारी हुई। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने मृतका का मोबाइल कब्जे में लिया है। उसमें एक युवक से हुई व्हाट्सएप चैट में खुदकुशी की बात सामने आई है।
लखीमपुर खीरी जिले के साधूराम वर्मा की बड़ी बेटी नैंसी वर्मा बीकेटी क्षेत्र के बरगदी गांव में रज्जन तिवारी के मकान में किराए पर रहकर एक निजी अस्पताल में काम करती थी। उसके साथ उसकी 20 वर्षीय छोटी बहन प्रियांशी, चंद्रिका देवी हॉस्पिटल एंड मेडिकल इंस्टीट्यूट में ओटी टेक्नीशियन की पढ़ाई करती थी। मंगलवार रात को नैंसी नाइट ड्यूटी पर थी और प्रियांशी घर पर ही थी। नैंसी ने पुलिस को बताया कि बुधवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे वह ड्यूटी से लौटी तो प्रियांशी का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। नैंसी ने पुलिस को बताया कि मंगलवार की रात प्रियांशी की उसके एक दोस्त से कहासुनी हुई थी। जिसके बाद खुदकुशी की है। पुलिसिया जांच में प्रियांशी के मोबाइल में व्हाट्सएप चैट मिली है। चैट में उसने आत्महत्या की बात लिखी थी। प्रभारी निरीक्षक सजंय कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व मोबाइल की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




