एनएचएम कर्मचारियों को बकाया वेतन तुरंत दिया जाए
Lucknow News - - वेतन न मिलने से महाराजगंज में सीएचओ के आत्महत्या के प्रयास पर चिंता जताई

लखनऊ, संवाददाता। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) उप्र. के तहत कार्यरत अल्प वेतन भोगी संविदा स्वास्थ्य कर्मियों को दिसंबर से वेतन नहीं मिला है। इससे प्रदेश भर के कर्मचारियों में आर्थिक, मानसिक एवं सामाजिक संकट उत्पन्न हो गया है। संविदाकर्मी अपने मासिक वेतन पर निर्भर रहकर जीवन यापन करते हैं, ऐसे में वेतन में अत्यधिक विलम्ब अमानवीय स्थिति है। मांग की गई कि सभी कर्मचारियों का वेतन तुरंत जारी कर उन्हें दूसरे राज्यों की तरह से ही नियमित करने की प्रक्रिया की जाए। संघ की ओर से डिप्टी सीएम, सीएम को पत्र भेजा गया है। मांग पूरी न होने पर आंदोलन करने की चेतावनी भी दी है।
संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ उप्र. के महामंत्री योगेश उपाध्याय ने महाराजगंज में सीएचओ (कम्युनिटी हेल्थ वर्कर) के आत्महत्या का प्रयास किए जाने पर चिंता जताई। कहा कि सीएचओ ने वेतन न मिलने की निराशा, मानसिक दबाव के चलते खुदकुशी का प्रयास किया। समय रहते साथी कर्मचारियों ने सीएचओ की जान बचा ली। कहा कि यह घटना किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि प्रदेश में कार्यरत करीब एक लाख संविदा स्वास्थ्य कर्मियों की पीड़ा, असुरक्षा और मानसिक दबाव का प्रतीक है। संघ इस दुखद घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करता है। वेतन भुगतान में हो रहे निरंतर विलम्ब एवं संविदा कर्मियों के प्रति अपनाई जा रही अस्थायी व्यवस्था की कड़े शब्दों में निंदा करता है। स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील विभाग में कार्यरत कर्मियों की इस प्रकार की उपेक्षा न केवल अमानवीय है, बल्कि इससे प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं एवं सरकार की सामाजिक छवि भी प्रभावित हो रही है। योगेश ने मांग की कि एनएचएम संविदा कर्मियों का लंबित वेतन अविलंब जारी किया जाए। भविष्य में वेतन भुगतान के लिए स्थायी एवं समयबद्ध व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। संविदा कर्मियों की अस्थायी व्यवस्था समाप्त कर स्थायी नीति बनाई जाए, जिससे इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


