सॉफ्टवेयर की मदद से कम समय में निपटेंगे आर्थिक अपराध के मामले
Lucknow News - - ईओडब्ल्यू ने केस मैनेजमेंट सॉफ्टवेयर किया तैयार - राज्य स्तरीय कार्यशाला में जागरूकता बढ़ाने

लखनऊ, प्रमुख संवाददाता आर्थिक अपराधों की कम समय में विवेचना कर उसे निस्तारित कर भुक्तभोगी को न्याय दिलाया जाएगा। वहीं आर्थिक अपराध करने वाले अपराधियों पर मजबूती से शिकंजा कस सकेगा। ईओडब्ल्यू की ओर से इसके लिए केस मैनेजमेंट सॉफ्टवेयर (सीएमएस) तैयार किया गया है। जिससे 24 घंटे विवेचनाओं की ऑनलाइन मानीटरिंग होगी। अब पत्राचार में व्यर्थ में लगने वाला समय बचेगा और त्वरित कार्रवाई हो सकेगी। सोमवार को ईओडब्ल्यू की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला में इस सुविधा का शुभारंभ किया गया। प्रदेश में बढ़ रहे आर्थिक अपराधों की रोकथाम के लिए राजधानी स्थित सिग्नेचर बिल्डिंग में पुलिस मुख्यालय के सभागार में आयोजित इस कार्यशाला में इसके अलावा तीन और नई पहल का शुभारंभ किया गया।
जिसमें ईओडब्ल्यू के नए लोगो, जागरूकता के लिए तैयार की गई बुकलेट व पंपलेट और जागरूकता अभियान चलाने के लिए तैयार की गई लघु फिल्म शामिल है। कार्यक्रम का उद्घाटन डीजीपी राजीव कृष्ण ने किया। उन्होंने कहा कि आर्थिक अपराधों से लोगों की जीवन भर की पूंजी प्रभावित होती है। ऐसे में ईओडब्ल्यू के नए नवाचार लोगों को राहत प्रदान करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद सीबीआई के संयुक्त निदेशक अशोक कुमार ने कहा कि आर्थिक अपराधों के स्वरूप बहुआयामी हो चुके हैं। बैंकिंग फ्रॉड, फर्जी प्लॉट, पोंजी योजनाएं और चिटफंड जैसे मामलों में लोग सीधे प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में तकनीकी का प्रयोग कर इस पर काबू पाना जरूरी है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों का आभार डीजी ईओडब्ल्यू नीरा रावत ने किया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


