पुल का ढांचा तैयार, एप्रोच रोड का इंतजार
Lucknow News - मरी माता मंदिर के पास नया पुल बनाया जा रहा है, जिससे जाम की समस्या से राहत मिलेगी। 500 मीटर एप्रोच रोड पर मिट्टी और गिट्टी भराई का काम पूरा हो चुका है। पुल की लंबाई 35 मीटर और चौड़ाई 25 मीटर है।...

स्टेटस रिपोर्ट - -मरी माता पर सेतु निगम बना रहा है पुल, जाम की समस्या से निजात मिलेगी -500 मीटर एप्रोच रोड पर मिट्टी और गिट्टी भराई का काम भी किया जा चुका लखनऊ, प्रमुख संवाददाता। कैंट-अर्जुनगंज-सुलतानपुर रोड पर मरी माता मंदिर के पास पुल का ढांचा तैयार कर लिया गया है। इसके दोनों तरफ एप्रोच रोड पर मिट्टी और गिट्टी भराई का काम हो गया है। अब पुल और एप्रोच रोड पर डामरीकरण कर इसे पक्का किया जाना बाकी है। संभावना है कि इस कार्य को पूरा कर अक्तूबर से शुरू कर दिया जाए। मरी माता मंदिर से सटा पुराना आर्च पुल है।
कैंट से अर्जुनगंज होते हुए सुल्तानपुर रोड और शहीद पथ जाने और उधर से आने के लिए इसी पुल का प्रयोग किया जाता है। किसी धार्मिंक आयोजन के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं के उमड़ने पर पुल पर जाम लग जाता है। अक्सर इस मार्ग से वीआईपी काफिला भी गुजरता है। पिछले साल वीआईपी काफिले में शामिल वाहनों की चपेट में आने से दो लोगों की मौत के बाद शासन ने इस मार्ग को फोन लेन करने का निर्देश दिया था। तब सेतु निगम ने रोड चौड़ीकरण के तहत दिसंबर 24 में मरी माता मंदिर के दूसरी तरह से एक और पुल बनाते हुए सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया। मात्र आठ महीने में अगस्त के अंत पुल का ढांचा तैयार करते हुए एप्रोच रोड बना दिया। अब बारिश के कारण पुल और एप्रोच रोड पर डामरीकरण का काम रुका है। सेतु निगम के प्रोजेक्ट हेड केके श्रीवास्तव का कहना है कि शीघ्र ही निर्माण कार्य पूरा करते हुए आम जनता के लिए पुल शुरू कर दिया जाएगा। पुल 35 मीटर लंबा और दो लेन का है मरी माता पर बन रहा नया पुल 35 मीटर लंबा और 25 मीटर चौड़ा है। इसे दो लेन का बनाया जा रहा है। पुल के बीच में डिवाडर दिए जाने की भी योजना है, जिससे कि ट्रैफिक आसानी से निकल जाए। निर्माण कार्य की लागत लगभग 16 करोड़ रुपये है। डिवाइडर और क्रैश बैरियर लगाए जाएंगे पुल के दोनों तरफ एप्रोच रोड पर डिवाइडर और क्रैश बैरियर भी लगाए जाएंगे। हालांकि कुछ दूरी तक यह काम किया जा चुका है। अभी अर्जुनगंज और कैंट की तरफ का कुछ काम बाकी है। डीएम ने आठ जुलाई को यहां निरीक्षण के दौरान उक्त दोनों कार्य करने का निर्देश दिया था। जाम से राहत मिलेगी मरी माता मंदिर आने वाले श्रद्धालु पुल पर ही मंदिर की तरफ वाहन खड़ा करते हैं, जिससे पुल संकरा हो जाता है। पीक ऑवर में यह जाम का कारण बनता है। किसी धार्मिक आयोजन के दौरान भारी भीड़ उमड़ने पर पुल से निकलना मुश्किल हो जाता है। कई बार तो अर्जुनगंज बाजार तक जाम लग जाता है। अब नया पुल शुरू हो जाने से धार्मिक आयोजनों के दौरान ट्रैफिक को नए पुल से निकाला जाएगा, जिससे जाम की समस्या नहीं रहेगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




