ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश लखनऊनामधारी, हरियाणा, कर्नाटक व ओडिशा ने दर्ज की जीत

नामधारी, हरियाणा, कर्नाटक व ओडिशा ने दर्ज की जीत

राष्ट्रीय सीनियर हॉकी चैंपियनशिप ए-डिविजन में रविवार को मेजबान उत्तर प्रदेश का विजय रथ रेलवे ने रोक दिया। दोनों का यह पूल में तीसरा मुकाबला था। पिछली चैंपियन रेलवे की टीम ने यूपी को 5-0 से शिकस्त दी।...

नामधारी, हरियाणा, कर्नाटक व ओडिशा ने दर्ज की जीत
हिन्दुस्तान संवाद,लखनऊSun, 18 Mar 2018 07:54 PM
ऐप पर पढ़ें

राष्ट्रीय सीनियर हॉकी चैंपियनशिप ए-डिविजन में रविवार को मेजबान उत्तर प्रदेश का विजय रथ रेलवे ने रोक दिया। दोनों का यह पूल में तीसरा मुकाबला था। पिछली चैंपियन रेलवे की टीम ने यूपी को 5-0 से शिकस्त दी। वहीं अन्य मुकाबलों में नामधारी, हरियाणा, कर्नाटक व ओडिशा ने भी जीत दर्ज की। वहीं चण्डीगढ़ व सीएजी, पंजाब एण्ड सिंध बैंक व एयर इण्डिया तथा पंजाब व मुम्बई के बीच मुकाबला ड्रा रहा।
मो. शाहिद एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम में हुए मुकाबले में रेलवे ने उत्तर प्रदेश के खिलाफ चैंपियनों की तरह खेल दिखाया। दो जीत के साथ रेलवे के खिलाफ बुलंद हौसले के साथ टर्फ पर उतरी उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों की रेलवे के अनुभवी व तेजतर्रार खिलाड़ियों के सामने एक न चली। रेलवे के खिलाड़ियों ने चाहे दमखम हो या स्किल, खेल के हर क्षेत्र में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों को पछाड़ा। उत्तर प्रदेश ने शुरुआत में कुछ मोर्चा लिया लेकिन जैसे-जैसे रेलवे के खिलाड़ी गोल करते गए वैसे-वैसे वे डिफेंसिव होते गए। इसका फायदा रेलवे ने बखूबी उठाया। उन्होंने पांच गोल दागे। उत्तर प्रदेश एक भी गोल नहीं कर पाया। पहले हाफ तक रेलवे 2-0 गोल से आगे थी। रेलवे के लिए शेशे गौड़ा, कुश गौड़ा, मलक सिंह, करनपाल सिंह, राजिन कण्डूलना ने एक-एक गोल किए। तीन मैचों के बाद रेलवे पूल-ए में पहले और उत्तर प्रदेश दूसरे स्थान पर है। उत्तर प्रदेश को अब मंगलवार को लीग में अपना आखिरी मुकाबला ओडिशा से खेलना है।
हरियाणा की रोमांचक जीत
वहीं हरियाणा ने गंगपुर ओडिशा पर 3-2 गोल की रोमांचक जीत दर्ज की। पहले दो क्वार्टर तक मुकाबला 1-1 गोल की बराबरी पर था। खेल के मनदीप अंटिल ने बेहतरीन गोल कर हरियाणा को 1-0 से आगे कर दिया। ठीक इसी के सात मिनट बाद गंगपुर ओडिशा की तरफ से खेल रहे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रोशन मिंज ने गोल करके स्कोर 1-1 कर दिया। तीसरे क्वार्टर के सातवें मिनट में रोशन मिंज ने एक बार फिर उम्दा खेल दिखाते हुए गोल कर गंगपुर को 2-1 की बढ़त दिला दी। इस गोल के बाद तो हरियाणा के खिलाड़ी बौखला गए। उन्होंने आक्रामक हॉकी  खेलनी शुरू कर दी। इसका उन्हें फायदा भी मिला। खेल के 40वें मिनट में विशाल दहिया ने बराबरी का गोल दागकर स्कोर 2-2 कर दिया। खेल के आखिरी क्वार्टर में जॉनी जसरोटिया ने गोल कर हरियाणा के खाते में 3-2 से जीत लिख दी।
ओडिशा की जीत में संजीप चमके
ओडिशा ने संजीप नीलम के शानदार खेल के दम पर मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी को 4-2 गोल से शिकस्त दी। शुरुआत से ही चढ़कर खेली ओडिशा ने मध्य प्रदेश अकादमी पर दबाव बनाने की कोशिश की। पर खेल के 13वें मिनट में मध्य प्रदेश अकादमी के शॉन ग्लेन ने गोल कर ओडिशा को करारा झटका दिया। पर इसी के कुछ क्षण बाद संदीप नीलम ने जो लय पकड़ी तो मध्य प्रदेश अकादमी के खिलाड़ी बैकफुट पर आ गए। संदीप ने खेल के 15वें, 19वें मिनट में गोल दागकर ओडिशा को 2-1 गोल कर दिया। खेल के 45वें मिनट में मध्य प्रदेश के शाकिर हुसैन ने गोल कर एक बार फिर मुकाबले में रोमांच भर दिया। स्कोर 2-2 गोल हो गया। खेल के 55वें मिनट में एक बार फिर संजीप ने गोल कर स्कोर 3-2 और खेल के 57वें मिनट में अशोक लाकड़ा ने गोल कर स्कोर 4-2 कर दिया। इसी स्कोर पर मैच खत्म हुआ। 
रविवार को हुए मुकाबलों के परिणाम :
रेलवे ने हराया उत्तर प्रदेश को 5-0 गोल से
नामधारी ने हराया इण्डियन यूनीवर्सिटी को 2-0 से
हरियाणा ने हराया गंगपुर ओडिशा को 3-2 से
कर्नाटक ने सेना को हराया 3-1 से
ओडिशा ने हराया मध्य प्रदेश अकादमी को 4-2 से
चण्डीगढ़ व सीएडी के बीच मुकाबला 1-1 से ड्रा
पंजाब एण्ड सिंध बैंक व एयर इण्डिया के बीच मुकाबला 2-2 से ड्रा
पंजाब व मुम्बई के बीच मुकाबला 3-3 से ड्रा
पूल-ए की अंक तालिका
टीम मैच खेले जीते हारे ड्रा अंक
रेलवे 03 03 00 00 09
यूपी 03 02 02 00 06
ओडिशा 03 02 01 00 06
भोपाल 02 00 00 00 00
मध्य प्रदेश 03 00 03 00 00
अकादमी 

 

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें