Lucknow News: 50 हजार रुपये मांगने पर की थी महिला की गला दबाकर हत्या
Lucknow News: - मानक नगर पुलिस ने हत्यारोपी रेलवे कर्मचारी को गिरफ्तार किया - हत्या में इस्तेमाल

Lucknow News: मानक नगर इलाके में नहर किनारे मृत मिली कैम्पवेल रोड की परवीन उर्फ पूजा (28) की 50 हजार रुपये मांगने और धमकी देने पर गला दबाकर हत्या की गई थी। इसके बाद आरोपी रेलवे कर्मचारी धीरज कुमार सोनकर (55) महिला का शव ई-रिक्शे से ले जाकर नहर में फेंकने जा रहा था। पर, राहगीरों के गुजरने की वजह से हड़बड़ी और पकड़े जाने के डर से शव को नहर किनारे फेंककर आरोपी फरार हो गया था। मानक नगर पुलिस ने हत्यारोपी धीरज को गिरफ्तार करने के साथ ही हत्या में प्रयुक्त ई रिक्शा कब्जे में ले लिया है। मानक नगर थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि धीरज कुमार सोनकर आलमबाग वीजी कॉलोनी का रहने वाला है। उसने रेलवे का दूसरा मकान मानक नगर स्लीपर ग्राउंड शांतिपुरम कॉलोनी में भी ले रखा था। धीरज आरडीएसओ में ग्रुप डी हेल्पर पद पर कार्यरत है। पुलिस का दावा है कि आरोपी धीरज कुमार सोनकर ने पूछताछ में बताया कि वह मृतका पूजा उर्फ परवीन को करीब पांच साल से जानता था। मृतका आरोपी धीरज के साथ आए दिन स्लीपर ग्राउंड रेलवे कॉलोनी में रहती थी। धीरज ने कबूल किया कि 30 अगस्त की रात में परवीन ने उससे 50 हजार रुपए की मांग की। आरोपी धीरज ने परवीन को बताया कि अभी उसके पास रुपए नहीं हैं, क्योंकि उसने एक ई रिक्शा लोन पर ले रखा है। इसी बात पर दोनों में विवाद हुआ था.
दुपट्टे से गला दबाकर की हत्या
विवाद के बाद दोनों साथ ही रेलवे कॉलोनी वाले कमरे में रुके थे। 31 अगस्त की तड़के परवीन अपने घर जाने की जिद करने लगी। साथ ही आरोपी धीरज को धमकी दी। इस पर आरोपी ने गुस्से में आकर परवीन का गला उसके दुपट्टे से दबाकर हत्या कर दी। उसी समय अपने खरीदे गए ई रिक्शा में परवीन का शव रखा। फिर ई रिक्शे से शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से मानक नगर डीआरएफ कार्यालय पुलिस के पास नहर की ओर ले गया.
राहगीरों को देख शव फुटपाथ पर छोड़कर भागा था
वह परवीन के शव को नहर में फेंकने जा रहा था। तभी पीछे से कुछ राहगीर पैदल आते दिखे। इस पर आरोपी धीरज घबरा गया। पकड़े जाने के डर और हड़बड़ी में शव को नहर में फेंकने के बजाए नहर किनारे फुटपाथ पर ही फेंक दिया। फिर ई रिक्शा लेकर फरार हो गया.


