Lucknow News: मानसरोवर मार्केट में महिला की हत्या, रेप की आशंका
Lucknow News: -पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए -पुलिस ने फुटेज खंगला रही,कई लोगों

Lucknow News: लखनऊ, संवाददाता।
बाराविरवा स्थित मानसरोवर मार्केट में मंगलवार तड़के 30 वर्षीय महिला का खून से लथपथ शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक, महिला की पहचान राधा के रूप में हुई है। सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। परिजनों को आशंका है कि राधा की हत्या की गई। पुलिस ने महिला की मां रेखा की तहरीर पर भोला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, एसीपी कृष्णानगर अभिषेक कुमार पांडेय और इंस्पेक्टर पीके सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य इकट्ठा किए। पुलिस ने बताया कि महिला का पोस्टमार्टम पैनल और वीडियोग्राफी के बीच होगा। पुलिस ने बताया कि राधा अक्सर मानसरोवर मार्केट स्थित लेबर मंडी के आसपास घूमती थी। प्रारंभिक जांच में उसके नशे की आदी होने की बात सामने आई है। आशंका है कि शराब के नशे में किसी ने सिर पर वार कर हत्या की है। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पूछताछ के लिए लेबर मंडी में काम करने वाले कई संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।
विवाद के बाद हत्या की आशंका
पुलिस के अनुसार प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सोमवार देर रात राधा का भोला नाम के मजदूर से शराब पीने को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस ने बताया कि भोला फरार है। उसकी मां और भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दो अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ हो रही है।


