शराब पार्टी के बाद युवक की हत्या, फ्रीजर में छिपाया शव
Lucknow News - बीकेटी में चंद्रिका देवी रोड पर एक वेज बिरयानी की दुकान में शराब पार्टी के बाद 30 वर्षीय विजयपाल की हत्या कर दी गई। शव को दुकान में रखे खराब फ्रीजर में छुपाया गया। विजय शुक्रवार से लापता था और रविवार को फ्रीजर में शव मिला। पुलिस जांच कर रही है और सभी बिंदुओं की तफ्तीश की जा रही है।

बीकेटी में चंद्रिका देवी रोड पर फुटपाथ पर टट्टर लगाकर बनी वेज बिरयानी की दुकान में शराब पार्टी के बाद 30 वर्षीय विजयपाल की हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपियों ने दुकान में ही रखे खराब फ्रीजर में छुपा दिया। विजय शुक्रवार दोपहर से लापता था। रविवार को जब चार दिन से बंद दुकान से कुछ सामान निकालने उसका मालिक पहुंचा तो फ्रीजर में शव देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य संकलन किए। मौके से शराब की खाली बोतल, ग्लास और नमकीन के पैकेट बरामद किए हैं। पुलिस उपायुक्त उत्तरी गोपाल कृष्ण चौधरी के मुताबिक विजय पाल मदारीपुर किशुनपुर के रहने वाले थे।
वेज बिरयानी की दुकान माल के मंझी निकरोजपुर गांव निवासी सनी की है। शनि के पिता का 26 फरवरी को निधन हो गया था। सोमवार को उनके यहां शांतिपाठ था। लिहाजा कई दिन से दुकान बंद थी। रविवार को शनि दुकान से कुछ सामान लेन के लिए पहुंचे थे। उन्होंने फ्रीजर खोला तो उसमें एक युवक का शव मिला। पुलिस कंट्रोल रूम को सनी ने सूचना दी। बीकेटी इंस्पेक्टर व एसीपी मौके पर पहुंचे। पुलिस को मौके से शराब की खाली बोतल, नमकीन के खाली पैकेट और गिलास मिले हैं। उन्हें कब्जे में ले लिया गया। फिंगर प्रिंट भी लिए गए। युवक के पास से मिले आधार कार्ड से उसकी शिनख्त विजयपाल के रूप में हुई। उसके परिवारीजनों को घटना की जानकारी दी।
पिता डलई और अन्य परिवारीजन पहुंचे। शव की उन्होंने पहचान की। उन्होंने बताया कि विजय हरियाणा में नौकरी करता था। गुरुवार को ही वह आया था। शुक्रवार दोपहर घर से निकला था। उसके बाद उसका कुछ पता नहीं चला। परिवारीजन खोजबीन कर रहे थे। फोन मिलाया तो वह भी स्विच आफ था। डलई ने बेटे की मौत के संबंध में जांच की मांग की है। वहीं, डीसीपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों के मुताबिक विजय की पत्नी तारा करीब छह साल पहले उसे छोड़ गई थी। वह बेटी के साथ मायके में रहती है। विजय की किसी महिला से बात होती थी। इंस्पेक्टर ने बताया कि सभी बिंदुओं की तफ्तीश की जा रही है। विजयपाल की कॉल डटेल खंगाली जा रही है। हालांकि परिजनों ने किसी से रंजिश की बात से इंकार किया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



