घर-घर कूड़ा कलेक्शन पर सदन में हंगामे के आसार
Lucknow News - सफाई व्यवस्था पटरी से उतरी, प्राइवेट कंपनियों के कर्मचारी नदारद, पार्षदों ने दी जोरदार विरोध की चेतावनी

नगर निगम की बुधवार को होने वाली सदन की बैठक इस बार भी हंगामेदार हो सकती है। शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था और घर-घर कूड़ा कलेक्शन की बिगड़ी हालत को लेकर सत्ता पक्ष व विपक्ष के पार्षदों में जबरदस्त नाराजगी है। यही मुद्दा बैठक में सबसे ज्यादा गरमाने वाला है। शहर के कई इलाकों में पिछले कई दिनों से घर-घर से कूड़ा कलेक्शन नहीं हो पा रहा है, वहीं पड़ाव स्थलों से भी पांच-पांच दिनों तक कचरा नहीं उठाया जा रहा। नतीजतन सड़कों और मोहल्लों में कूड़े के ढेर लग रहे हैं, जिससे दुर्गंध और गंदगी के कारण लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
कूड़ा उठाने की जिम्मेदारी संभाल रहीं प्राइवेट कंपनियों के कर्मचारी कई जगहों से गायब हैं। निगरानी की कमी और जिम्मेदारी तय न होने से हालात और बिगड़ गए हैं। पार्षद इसे लेकर कई बार नगर आयुक्त व महापौर से शिकायत भी कर चुके हैं। बीच में महापौर ने अधिकारियों के साथ बैठक कर सख्त निर्देश दिए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई खास सुधार नहीं दिखा। ऐसे में पार्षदों ने इस बार सदन में अधिकारियों को घेरने की पूरी तैयारी कर ली है।कांग्रेस पार्षद मुकेश सिंह चौहान ने कहा कि घर-घर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है और अधिकारियों को इसका जवाब देना ही होगा। उन्होंने यह भी कहा कि पिछली बैठक में सोलर लगवाने वालों को हाउस टैक्स में छूट देने का प्रस्ताव पास हुआ था, लेकिन अभी तक न तो आदेश जारी हुआ और न ही संबंधित सॉफ्टवेयर तैयार हो सका है। इससे लोग कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


