Lucknow News: नगर निकायों की आय बढ़ेगी, म्युनिसिपल बॉण्ड से विकास को मिलेगी गति
Lucknow News: वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने नगर निकायों की वित्तीय आत्मनिर्भरता को आधुनिक शहरों के विकास का आधार बताया। सम्मेलन में प्रदेश के 17 नगर निगमों के महापौरों ने शहरी चुनौतियों और नागरिक सुविधाओं पर चर्चा की। संपत्ति कर, कर वसूली, उपयोगकर्ता शुल्क और नगर निकायों की संपत्तियों के बेहतर इस्तेमाल से आय बढ़ाने पर मंथन हुआ। स्वच्छता, सीवरेज, कचरा प्रबंधन और समावेशी शहरों पर भी जोर दिया गया।

Lucknow News: नगर निकायों की वित्तीय आत्मनिर्भरता ही आधुनिक शहरों के विकास का आधार है। इसके लिए निकायों को अपनी आय बढ़ाने के साथ संसाधनों का बेहतर उपयोग करना होगा। वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बुधवार को गोमतीनगर स्थित होटल ताज में आयोजित सम्मेलन में यह बात कही। छठे राज्य वित्त आयोग, यूनिसेफ और डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित सम्मेलन में प्रदेश के 17 नगर निगमों के महापौरों ने शहरी चुनौतियों और नागरिक सुविधाओं पर चर्चा की। वित्त मंत्री ने स्वच्छता, सीवरेज, सेप्टेज प्रबंधन और ठोस कचरा प्रबंधन को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने शहरी बुनियादी ढांचे के विकास के लिए म्युनिसिपल बॉण्ड जैसे वित्तीय विकल्प अपनाने की जरूरत बताई।
संपत्ति कर और अन्य स्रोतों से आय बढ़ाने पर चर्चा
संपत्ति कर से आय बढ़ाने पर जोर
सम्मेलन में संपत्ति कर का दायरा बढ़ाने, कर वसूली सुधारने, उपयोगकर्ता शुल्क और नगर निकायों की संपत्तियों के बेहतर इस्तेमाल से आय बढ़ाने पर मंथन हुआ। धार्मिक एवं पर्यटन शहरों में अतिरिक्त सुविधाओं के लिए पर्यटन शुल्क की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। महापौरों ने पेयजल, जल निकासी, कचरा प्रबंधन, नगर नियोजन और जलवायु परिवर्तन से जुड़ी समस्याएं उठाईं। बच्चों, महिलाओं और वंचित वर्गों के लिए सुरक्षित और समावेशी शहर विकसित करने पर भी जोर दिया गया।

