ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश लखनऊस्कूल पर मेहरबानी दिखा रहा नगर निगम

स्कूल पर मेहरबानी दिखा रहा नगर निगम

कालाकांकर विवाद : गोदाम को गिराने में नोटिस के जवाब का भी इंतजार नहीं स्कूल

स्कूल पर मेहरबानी दिखा रहा नगर निगम
हिन्दुस्तान टीम,लखनऊThu, 10 Jun 2021 08:40 PM
ऐप पर पढ़ें

कालाकांकर विवाद : गोदाम को गिराने में नोटिस के जवाब का भी इंतजार नहीं

स्कूल को नोटिस के बहाने समय बढ़ाया जा रहा

लखनऊ। प्रमुख संवाददाता

न्यू हैदराबाद कालोनी के पीछे नाले से अतिक्रमण हटाने के मामले में नगर निगम दोहरी नीति अपना रहा है। गोदाम ढहाने में नोटिस की मियाद पूरी होने का भी इंतजार नहीं किया। वहीं स्कूल को नोटिस पर नोटिस देकर मामले को लटकाने का प्रयास हो रहा है। इस ढुलमुल नीति पर कालाकांकर कालोनी के निवासी भी आशंकित हैं। फिलहाल नगर निगम की कार्रवाई के लिए कॉलोनीवासी एक सप्ताह और इंतजार करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री से मुलाकात कर स्थिति से अवगत कराएंगे।

नाले पर अतिक्रमण करने वालों को नगर निगम ने पांच मई की तारीख में जारी हुई नोटिस छह मई को भवनों के सामने चस्पा की थी। आवासीय को सात दिन का व गोदाम तथा स्कूल को तीन दिन का समय दिया था। इस नोटिस के अगले ही दिन सात मई को नगर निगम की टीम जेसीबी लेकर गोदाम ढहाने पहुंच गई। विरोध के बीच नाले पर बने गोदाम को ढहा दिया गया। लेकिन स्कूल की चहारदीवारी व कमरों को छुआ तक नहीं। स्कूल को दूसरी नोटिस आठ मई को जारी हुई। उसमें उसके दावे को खारिज करते हुए तीन दिन का और समय दिया गया। यह मियाद भी गुरुवार को पूरी हो गई लेकिन अभी एक और अंतिम नोटिस जारी करने की तैयारी हो रही है। बहाना बताया जा रहा है कि विधिक राय ली जा रही है। अंतिम नोटिस का जवाब भी तब तक आ जाएगा। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।

स्कूल की चहार दीवारी हटने से दूर होगा विवाद

स्कूल की चहारदीवारी गिरने से ही विवाद हल हो सकेगा। कालोनी के लोगों का मुख्य मुद्दा नाले पर बसे लोगों का आवागमन कालोनी से बंद करना है। इसके लिए पुलिस लाइंस की ओर रास्ता निकल सकता है। तत्काल विवाद समाप्त करने के लिए यही विकल्प खोजा गया है।

सात दिन इंतजार, इसके बाद मुख्यमंत्री से गुहार

कालाकांकर कालोनी रेजीडेंट वेलफेयर सोसाइटी के सचिव डॉ. रवि शंकर गुप्ता ने कहा कि नगर आयुक्त ने सप्ताह भर में स्कूल की चहारदीवारी गिराकर नाले पर बसे लोगों के लिए रास्ता निकालने और कालोनी के बीच से रास्ता बंद करने के लिए चहारदीवारी खड़ी करने का आश्वासन दिया है। तब तक इंतजार किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री तक मामले को पहुंचाया जाएगा। इस मामले में बहुत ज्यादा इंतजार करने की गुंजाइश नहीं है।

चार परिवार छोड़ कर गए

नाले पर बने मकानों में कई परिवार किराए पर रहते हैं। अब तक चार पारिवार दूसरी जगह चले गए हैं। कुछ परिवार और हैं, वह भी जल्द मकान खाली करके जाने की तैयारी में हैं।

काल्विन कालेज प्रशासन भी त्रस्त

नाले पर रहे लोगों से काल्विन कालेज प्रशासन भी त्रस्त है। कालेज के प्रिंसिपल अनूप राज ने कहा कि नाले पर बसे लोग आए दिन परिसर में आकर नशाबाजी करते हैं। सामान चोरी हो जाता है। कुछ लोगों ने दीवार तोड़कर रास्ता बना लिया था। उसे बंद कराया गया। दो गार्ड नियुक्त किए गए हैं। जल्द ही बोर्ड बैठक में यह मुद्दा दोबारा रखा जाएगा। जरूरी हुआ तो पुलिस-प्रशासन से शिकायत की जाएगी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें