ग्रीन बेल्ट में नगर निगम डाल रहा कचरा, कैमरे में कैद हुई करतूत
Lucknow News - जानकीपुरम विस्तार की ग्रीन बेल्ट में नगर निगम की कूड़ा ढोने वाली गाड़ियां कचरा डालते पकड़ी गईं। स्थानीय निवासी इसकी वीडियो बनाते रहे हैं। ग्रीन बेल्ट अब कचरे का डंपिंग ग्राउंड बनता जा रहा है, जिससे क्षेत्र में बदबू और मच्छर बढ़ रहे हैं। जनकल्याण महासमिति ने आंदोलन की चेतावनी दी है।

जानकीपुरम विस्तार की ग्रीन बेल्ट में गुरुवार को नगर निगम की कूड़ा ढोने वाली गाड़ियां बेखौफ होकर कचरा डालती पकड़ी गईं। स्थानीय निवासियों ने मौके पर ही इसका वीडियो बनाकर सच्चाई को कैमरे में कैद कर लिया। जिस ग्रीन बेल्ट को इलाके की हरित सांस कहा जाता था, वह अब निगम की लापरवाही से कचरे का पहाड़ बनती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। लंबे समय से ग्रीन बेल्ट को अघोषित डंपिंग ग्राउंड में बदला जा रहा है। रोजाना कचरे के ढेर बढ़ते जा रहे हैं, जिससे पूरा इलाका बदबू, मच्छरों और गंदगी की चपेट में है।
हालत यह है कि कचरा ज्यादा हो जाने पर उसमें आग लगा दी जाती है, जिससे जहरीला धुआं फैलता है। कूड़ा जलाने से पेड़-पौधे भी सूखने लगे जनकल्याण महासमिति के महासचिव विनय कृष्ण पांडे ने नगर निगम पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कूड़ा डालने और बार-बार आग लगाए जाने से ग्रीन बेल्ट की हरियाली खत्म होती जा रही है। पेड़-पौधे सूख रहे हैं, मिट्टी जहरीली हो रही है और पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने इसे नगर निगम द्वारा हरियाली की सुनियोजित हत्या करार दिया। आंदोलन के बावजूद नहीं सुधर रहा निगम का रवैया विनय कृष्णा पांडे ने बताया कि ग्रीन बेल्ट को बचाने के लिए वे लगातार आंदोलन और शिकायतें कर रहे हैं, लेकिन नगर निगम पर इसका कोई असर नहीं दिख रहा। अधिकारियों की चुप्पी और लापरवाही से साफ है कि समस्या को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। स्थानीय लोगों में इस रवैये को लेकर गहरा आक्रोश है। बड़े आंदोलन की चेतावनी, निगम से जवाब तलब जनकल्याण महासमिति ने चेतावनी दी है कि अगर नगर निगम ने तत्काल ग्रीन बेल्ट में कचरा डालना बंद नहीं किया और यहां फैली गंदगी को साफ नहीं कराया, तो जल्द ही बड़ा जन आंदोलन खड़ा किया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




