
20 हजार उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर गलत फीड
Lucknow News - - हेल्प डेस्क, 1912 पर बगैर मोबाइल नंबर से शिकायत दर्ज नहीं होगी -
- नई व्यवस्था लागू होने से पहले मोबाइल नंबर अपडेट कराना बड़ी चुनौती लखनऊ, वरिष्ठ संवाददाता। लेसा के लगभग 20 हजार बिजली उपभोक्ताओं के बिलों में उनके मोबाइल नंबर या तो गलत दर्ज हैं या फिर निष्क्रिय हैं। इससे बिजली बंदी, लोड बढ़ाने सहित कई जरूरी सूचनाएं उपभोक्ताओं को नहीं मिल पाती है, जबकि 15 नवम्बर से राजधानी में वर्टिकल व्यवस्था लागू हो रही है। इस नई प्रणाली के तहत बिजली संबंधी सभी महत्वपूर्ण जानकारियां, जैसे कि बिजली कटौती की सूचना, लोड बढ़ाने की प्रक्रिया और सबसे महत्वपूर्ण टोल फ्री 1912 पर शिकायत दर्ज कराने के बाद का कंप्लेंट नंबर, सीधे उपभोक्ता के मोबाइल नंबर पर ही भेजे जाएंगे, जिसके बाद मध्यांचल निगम प्रबंधन ने सभी मुख्य अभियंताओं से 15 नवम्बर से प्रस्तावित वर्टिकल व्यवस्था से पहले ऐसे उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर अपडेट करने के निर्देश दिए हैं।
लेसा ने राजस्व वसूली के लिए इस माह एक से 10 नवम्बर तक फोन कर उपभोक्ताओं से बिल जमा करने की अपील अभियान शुरू किया था। इसके तहत दस हजार से अधिक का बकाया भुगतान वाले उपभोक्ताओं को कॉल करके बिल जमा करने की अपील की जानी थी। इसके लिए लाइनमैन से लेकर एसडीओ स्तर के अधिकारियों की उपभोक्ताओं को फोन करने की जिम्मेदारी तय की गई थी। अभियान के तहत यह जानकारी सामने आई कि 20 हजार से अधिक उपभोक्ताओं के नंबर या तो गलत है या फिर बंद आ रहे हैं। लखनऊ सेंट्रल जोन में 90 प्रतिशत उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर अपडेट हैं और शेष उपभोक्ताओं से संपर्क करके नंबर अपडेट करने का काम तेजी से किया जा रहा है। रवि अग्रवाल मुख्य अभियंता, लखनऊ मध्य जोन

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




