मिशन साहसी: पांच हजार छात्राएं दिखाएं दमखम
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने सात दिवसीय मिशन साहसी चलाया। अभियान के तहत राजधानी के स्कूल, कॉलेज और डिग्री कॉलेजों की छात्राओं को आत्म रक्षा के गुर सिखाए। अब आत्मरक्षा की बारीकियों को...
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने सात दिवसीय मिशन साहसी चलाया। अभियान के तहत राजधानी के स्कूल, कॉलेज और डिग्री कॉलेजों की छात्राओं को आत्म रक्षा के गुर सिखाए। अब आत्मरक्षा की बारीकियों को सीखने वाली पांच हजार छात्राएं एक साथ मंगलवार को लखनऊ विश्वविद्यालय के खेल मैदान में दमखम दिखाएंगी।
संगठन ने 22 से 28 अक्तूबर के बीच शहर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में ‘मिशन साहसी’ प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए। इसमें 13 से 25 आयु की करीब दस हजार छात्राओं को प्रशिक्षित किया गया। एबीवीपी ने मुंबई से मिशन साहसी की शुरुआत की थी। इसका संचालन देश भर में किया जा रहा है। एबीवीपी के प्रांत संगठन मंत्री घनश्याम शाही ने बताया कि छात्राओं में आत्मरक्षा के गुर को सिखाना बेहद जरूरी है। आज समाज महिलासशक्तीकरण की परिभाषा गढ़ रहा है, तो ऐस में बगैर इसके महिलासशक्तिकरण संभव नहीं है। इसलिए संगठन ने पहल कर मिशन को चलाया है।
अद्भुत होगा नजारा
एक साथ पांच हजार से अधिक छात्राएं आत्मरक्षा के गुरों का प्रदर्शन करेंगी। इसमें जूडो और ताइक्वाडों कला का प्रदर्शन किया जाएगा। यह नजारा बेहद खास होगा। करीब दो घंटे तक जोश और उत्साह के साथ कार्यक्रम चलेगा।
कई नामचीन हस्तियां रहेंगी मौजूद
कार्यक्रम में अखिल भारतीय विश्वविद्यालय कार्य प्रमुख श्रीहरि बोरिकर, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया की कार्यकारी निदेशक रचना गोविल और लखनऊ की मेयर संयुक्ता भाटिया सहित कई अन्य नामचीन हस्तियां कार्यक्रम में शिरकत करेंगी।