
कोडीनयुक्त कफ सिरप व नारकोटिक दवाओं को लेकर छापेमारी
संक्षेप: Lucknow News - उत्तर प्रदेश में अवैध नॉरकोटिक दवाओं के खिलाफ कार्रवाई की गई है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने लाखों की दवाएं जब्त की हैं, 16 एफआईआर दर्ज की हैं और 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। 115 मेडिकल प्रतिष्ठानों की जांच की गई है और 25 मेडिकल स्टोरों पर कोडीनयुक्त सिरप की बिक्री पर रोक लगाई गई है।
-लाखों की अवैध दवाएं जब्त, अब तक 16 एफआईआर व 6 गिरफ्तार, नेपाल सीमा सहित अन्य जगह जांच -115 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई, 25 मेडिकल स्टोरों पर कोडीनयुक्त सिरप व नारकोटिक दवाओं की बिक्री रोकी लखनऊ, विशेष संवाददाता। मुख्यमंत्री के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने राज्य में कोडीनयुक्त कफ सिरप और नॉरकोटिक्स श्रेणी की औषधियों के अवैध भंडारण, क्रय-विक्रय और वितरण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए व्यापक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस विशेष अभियान में अब तक प्रदेशभर में लाखों की अवैध नॉरकोटिक और कोडीनयुक्त औषधियां जब्त की गई हैं। 16 एफआईआर दर्ज कर 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन डा. रोशन जैकब ने बताया कि अब तक 115 प्रतिष्ठानों पर निरीक्षण या छापेमारी की गई है। लाखों की औषधियां सीज की गईं, 115 नमूने जांच के लिए भेजे गए, 16 एफआईआर दर्ज कर 6 गिरफ्तारियां की गई हैं। 25 मेडिकल स्टोरों पर जांच में पाया गया कि कोडीन युक्त सिरप और नशीली दवाओं की खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड नहीं दिखाए। इस आधार पर लखनऊ, कानपुर नगर, रायबरेली, सीतापुर, मुजफ्फरनगर, प्रयागराज, वाराणसी और कौशांबी जिलों के 25 मेडिकल स्टोरों पर इन दवाओं की बिक्री पर अगले आदेश तक रोक लगा दी गई है। उन्होंने बताया कि नकली एवं नशे के लिए दुरुपयोग होने वाली औषधियों के भंडारण, क्रय-विक्रय अथवा आवाजाही से संबंधित सूचना विभाग द्वारा जारी व्हाट्सप्प नंबर 8756128434 पर दी जा सकती है। एनडीपीएस एक्ट के तहत अवैध नॉरकोटिक दवाओं पर कार्रवाई अवैध नॉरकोटिक औषधियों की बिक्री और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विभाग ने कई जिलों में छापेमारी कर एनडीपीएस एक्ट में सख्त कार्रवाई की। लखनऊ में 11 अक्तूबर को एक अवैध गोदाम से ₹3 लाख की फेनसाइपिक टी. सिरप जब्त की गई और दीपक मानवानी को गिरफ्तार किया गया। बहराइच में 13 अक्तूबर को रॉयल फार्मा और ममता मेडिकल एजेंसी से ₹30 हजार की अवैध दवाएं जब्त कर दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। लखीमपुर खीरी में 14 अक्तूबर को पीयूष मेडिकल एजेंसी के मालिक के घर से ₹68 लाख की ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद कर सरोज कुमार मिश्रा को गिरफ्तार किया गया। 4 नवंबर को लखीमपुर खीरी में ही न्यू रॉय मेडिकल एजेंसी से ₹2 लाख की कोडीन युक्त 1200 बोतलें पकड़ी गईं और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। साथ ही, लखनऊ में इन दवाओं की मार्केटिंग करने वाली कंपनियों आर्पिक व इधिका लाइफ साइंसेज प्राइवेट लिमिटेड के डिपो पर भी छापे मारकर रिकॉर्ड जब्त किए गए हैं। पूरे प्रदेश में जांच जारी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




