
बड़े इमामबाड़े से निकाले गए जुलूस को जिला प्रशासन ने रोका, ज्ञापन दिया
Lucknow News - तंजीम-ए-मिल्लत के आहवान पर इमामबाड़ा आसिफी में पैगम्बरे इस्लाम की विलादत पर महफिल का आयोजन किया गया। जुलूस निकालने की कोशिश के दौरान जिला प्रशासन ने रोकने का प्रयास किया। उलमा की मौजूदगी में ज्ञापन...
तंजीम-ए-मिल्लत के आहवान पर पैगम्बरे इस्लाम की विलादत के मौके पर बुधवार को इमामबाड़ा आसिफी में महफिले मीलाद का आयोजन किया। इसके बाद लोगों ने इमामबाड़े परिसर में जुलूस निकाला जिसे वह इमामबाड़ा शाहनजफ हजरतगंज ले जाना चाहते थे। जिला प्रशासन द्वारा जुलूस रोके जाने लगा तो लोगों ने गिरफ्तारी देने को कहा लेकिन जिला प्रशासन ने गिरफ्तारी लेने से इनकार कर दिया तथा आश्वासन दिया कि इस जुलूस की अनुमति एवं मांगों को उच्च अधिकारियों के समक्ष रखेंगे। इसके बाद सहायक पुलिस कमिश्नर के माध्यम से तंजीम के महासचिव प्रिंस इकबाल मिर्जा ने उलमा की मौजूदगी में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रेषित किया।
इससे पूर्व आयोजित महफिल को मौलाना मीसम जैदी ने खिताब किया। उन्होंने कहा कि शिया फिरके को पैगम्बरे इस्लाम की विलादत 17 रबीउलअव्वल के मौके पर उक्त जुलूस मिलना चाहिए। इस मौके पर मौलाना सदफ जौनपुरी और मौलाना अनवर हुसैन सहित कई उलमा ने तकरीर की। इसके बाद शायरों ने बारगाहे रिसालत और छठे इमाम की शान में मंजूम नजरानए अकीदत पेश किया। इसी तरह आल इंडिया शिया यूथ फेडरेशन की ओर से रौजाए काजमैन में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। जिसे लोग अमीनाबाद झंडे वाले पार्क तक ले जाना चाहते थे। लेकिन जिला प्रशासन ने जुलूस काजमैन परिसर में ही रोक दिया। फेडरेशन की ओर से कार्यक्रम के संयोजक मौलाना वली हैदर ने मुख्यमंत्री को लिखित ज्ञापन पुलिस के अधिकारियों को सौंपा। इस मौके पर रौजाए काजमैन में आयोजित महफिल को मौलाना अतहर अब्बास ने खिताब किया। इसके बाद शायरों ने अपने कलाम पेश किये।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




