
लखनऊ में तीन मंजिला मकान के बेसमेंट और भूतल पर लगी भीषण आग, धमाकों से दहला इलाका
Lucknow News - चिनहट में नरेंद्र अवस्थी के तीन मंजिला मकान के बेसमेंट में स्थित किराना और मिठाई की दुकान में मंगलवार रात आग लग गई। आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे एक वृद्ध और युवक फंस गए। दमकल कर्मियों ने दोनों को सुरक्षित निकाला। आग की तपिश से गैस सिलेंडर में विस्फोट हुआ, जिससे मोहल्ले में दहशत फैल गई।
चिनहट में मटियारी चौराहे पर स्थित नरेंद्र अवस्थी के तीन मंजिला मकान के बेसमेंट में स्थित किराना और भूतल पर मिठाई की दुकान में मंगलवार देर रात करीब पौने 12 बजे आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। मकान में दूसरे तल पर एक वृद्ध और युवक फंस गया। दमकल और पुलिस कर्मियों ने दरवाजे और खिड़कियां तोड़कर दोनों को सुरक्षित निकाला। इस बीच आग की तपिश से मिठाई की दुकान में रखे गैस सिलेंडर और रिफाइंड के केन ताबड़तोड़ धमाकों के साथ फट गए। इससे मोहल्ले में दहशत फैल गई। मोहल्ले वालों ने बताया कि नरेंद्र अवस्थी तीन भाई हैं।

तीनों मकान के एक-एक तल पर रहते हैं। बेसमेंट में उनकी अवस्थी किराना स्टोर और भूतल पर मिठाई की दुकान है। रात में परिवार के सभी सदस्य शादी समारोह में गए थे। दूसरे तल पर एक बुजुर्ग और उनके पौत्र थे। इस बीच एकाएक नीचे किराने की दुकान में आग लग गई। धुआं और आग की लपटें निकलतीं देख मोहल्ले वालों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। घरों से लोग बाहर आ गए और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। आग बेकाबू होते देख दमकल को सूचना दी। गोमतीनगर फायर स्टेशन से चार दमकल लेकर एफएसओ सुशील कुमार यादव पहुंचे। इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा भी पुलिस बल के साथ पहुंच गए। इस बीच किराने की दुकान में रखे ऑयल और अन्य ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग भड़क गई। भूतल पर मिठाई की दुकान तक आग पहुंच गई। दूसरे तल पर फंसे वृद्ध और उनका पौत्र चीख-पुकार कर रहे थे। दमकल कर्मियों ने आग बुझानी शुरू की और हजरतगंज-इंदिरानगर से भी दमकल की चार गाड़ियां मंगवाईं। दमकल कर्मी पड़ोसी के मकान से अवस्थी के छज्जे पर पहुंचे। दरवाजे और खिड़की तोड़कर वृद्द और उनके पौत्र को सुरक्षित निकाला। इस बीच आग की तपिश से मिठाई की दुकान में रखे सिलेंडर में विस्फोट हो गया। फ्रिज का कंप्रेशर फट गया। किराने की दुकान में रखे ऑयल के केन भी फटने लगे। इससे मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। मकान से सटे अन्य घरों के लोग भी बाहर आ गए। आग की लपटें ऊपर मकान में पहुंचने लगीं। दमकल कर्मी देर रात तक आग पर काबू पाने में लगे रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




