
कलश यात्रा व भजनों संग मनाया गया श्री झुन्झुनू वाली दादी डोली उत्सव
Lucknow News - लखनऊ में श्री झुन्झुनू वाली दादी जी का डोली उत्सव श्रद्धा के साथ मनाया गया। 351 महिलाओं ने दादी के नाम का कलश धारण कर भजन गाते हुए मंगल कलश यात्रा निकाली। यात्रा में शिव परिवार, हनुमान जी और श्रीकृष्ण के स्वरूपों के रथ आकर्षण का केंद्र बने। कार्यक्रम में दो निर्धन कन्याओं का विवाह भी कराया गया।
डोली उत्सव में उमडा भक्तों का सैलाब तेरे जैसा कोई भी न दादी, तू दीपक है हम सब है बाती... 351 महिलाओं ने निकाली मंगल कलश यात्रा लखनऊ, संवाददाता। श्री झुन्झुनू वाली दादी जी का डोली उत्सव सोमवार को श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। 351 महिलाओं ने सिर पर दादी के नाम का कलश धारण कर भजनों के बीच कलश यात्रा निकाली। वहीं गाजे-बाजे के साथ पांच रथों में सजे भगवान के स्वरूपों ने यात्रा को भव्य बना दिया। सोलह शृंगार, हाथों में मेंहदी रचाये, लाल चुनरी की साड़ी और हाथों व सिर पर कलश लेकर जब महिलाएं निकलीं तो पूरा मार्ग दादी के जयकारों से गूंज उठा।
महानगर स्थित महादेव मंदिर से निकली यात्रा का लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। गायक संजय शर्मा ने...म्हारी मैया झुन्झुनू वाली थारी जग में शान निराली...’ और रितेश ने तेरे जैसा कोई भी ना दादी, तू दीपक है हम सब है बाती...जैसे भावपूर्ण भजनों की गंगा के बीच भक्त जमकर झूमे नाचे। यात्रा के महानगर स्थित कार्यक्रम स्थल कल्याण मंडप पहुंचने तक लोगों ने फूलों की होली खेली। यात्रा में सबसे आगे रथ पर शिव परिवार, हनुमान जी, श्रीकृष्ण और पालकी में राधा रानी सवार थी। श्री नारायणी पाठ के साथ हुआ दो कन्याओं का विवाह कल्याण मंडप में दोपहर श्री नारायणी चरित्र मानस पाठ देविका बाजोरिया ने अपनी वाणी में किया। इस पाठ में दर्जनों परिवार शामिल हुए। श्री नारायणी चरित्र मानस पाठ के चतुर्थ अध्याय में दादी के विवाह का वर्णन के समय कमेटी ने दो निर्धन कन्याओं का विवाह भी कराया। इस अवसर पर विधायक डॉ नीरज बोरा, बिंदू बोरा, दिनेश मेघदूत अग्रवाल, महेश अग्रवाल, पूनम अग्रवाल, सतीश अग्रवाल, जया, संदीप, सीमा, रूपेश, राजेंद्र पाण्डेय, आशीष, मधुर, वीरेंद्र, स्वदित, संगीता अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में भक्त मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




