मतदाता मैपिंग बनी चुनौती, बहुओं के मायके का ब्योरा जुटाने में बीएलओ परेशान
Lucknow News - निगोहां, संवाददाता। मोहनलालगंज विधानसभा क्षेत्र में एसआईआर फार्मेट की फीडिंग के बाद अब एक

निगोहां, संवाददाता। मोहनलालगंज विधानसभा क्षेत्र में एसआईआर फार्मेट की फीडिंग के बाद अब एक लाख से अधिक मतदाताओं की मैपिंग प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। खासतौर पर 2003 के बाद ब्याह कर आई महिला मतदाताओं (बहुओं) के मायके का विवरण जुटाना सबसे कठिन काम साबित हो रहा है। इसी के चलते बीएलओ लगातार घर–घर दस्तक देने को मजबूर हैं। क्षेत्र में करीब 3.59 लाख मतदाता हैं, जिनमें से 2.93 लाख मतदाताओं के एसआईआर फार्म भरकर फीड किए जा चुके हैं। जबकि 66 हजार मतदाता एएसडी सूची में डाले गए हैं। अब करीब एक लाख मतदाताओं की मैपिंग के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
मैपिंग के लिए 2003 के बाद विवाह होकर आई महिलाओं के माता-पिता का 2003 की मतदाता सूची में क्रमांक, भाग संख्या और वोटर आईडी नंबर आवश्यक है। यह जानकारी जुटाना महिलाओं के साथ-साथ बीएलओ के लिए भी चुनौतीपूर्ण हो गया है। कई मामलों में बीएलओ स्वयं मायके पक्ष से बात कर उनके बीएलओ का नंबर लेकर सही ब्योरा एकत्र कर रहे हैं। बीडीओ आशुतोष श्रीवास्तव ने बताया कि सचिवों और पंचायत सहायकों को भी बीएलओ की मदद में लगाया गया है, ताकि कार्य में तेजी लाई जा सके। वहीं एसडीएम पवन पटेल ने कहा कि बीएलओ, बीएलए, सुपरवाइजर और पूरा प्रशासन टीम वर्क में जुटा हुआ है। जल्द ही मैपिंग कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




