ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश लखनऊआर्य कन्या इंटर कॉलेज में प्रबंधकीय विवाद

आर्य कन्या इंटर कॉलेज में प्रबंधकीय विवाद

Managerial dispute in Arya Kanya Inter College

आर्य कन्या इंटर कॉलेज में प्रबंधकीय विवाद
हिन्दुस्तान टीम,लखनऊTue, 17 Apr 2018 06:06 PM
ऐप पर पढ़ें

- आर्य प्रतिनिधि सभा ने किया स्वामिनी संस्था होने का दावा, प्रशासक नियुक्त करने का फरमान

- कार्यवाहक प्रिंसिपल ने खड़े किए सवाल, पूछा किस हक से कर रहे हस्तक्षेप

लखनऊ। कार्यालय संवाददाता

आर्य कन्या इंटर कॉलेज बादशाहनगर में प्रबंधकीय विवाद खड़ा हो गया है। आर्य प्रतिनिधि सभा ने इस स्कूल की स्वामिनी संस्था होने का दावा कर दिया है। सभा ने मौजूदा प्रबंधन को अवैध बताते हुए यहां प्रशासक नियुक्त करने का फरमान तक जारी किया है।

आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रधान डॉ. धीरज सिंह की ओर से जारी पत्र में डॉ. राम रतन चतुर्वेदी को इस स्कूल की कमान सौंपी गई है। अनुकूल परिस्थितियां उत्पन्न होने तक जिम्मेदारी संभालने को कहा गया है। उधर, मौजूदा स्कूल प्रशासन ने इसे कब्जा करने की कोशिश बताई है। न्यायालय के कुछ आदेशों का हवाला देकर दावा किया है कि इस संस्था को स्कूल पर कोई हक नहीं है। कुछ अवांछित तत्व इस स्कूल पर कब्जा करने की फिराक में है।

इस स्कूल का संचालन बादशाहनगर में किया जा रहा है। जहां, करीब 800 छात्राएं पढ़ती हैं। पिछले कुछ वर्षों से यहां प्रबंधकीय विवाद के चलते पढ़ाई चौपट हो चली है।

समिति को बताया कालातीत, दावा ठोका

आर्य प्रतिनिधि सभा की ओर से पिछले सप्ताह पत्र जारी किया गया है। जिसमें, स्कूल की प्रबंध समिति को कालातीत बताया गया है। दावा है कि कई वर्षों से प्रबंध समिति का चुनाव नहीं हुआ है। इसके चलते डॉ़. राम रतन चतुर्वेदी को प्रशासक और उनके साथ राजीव रंजन और राजीव मिश्र की टीम बनाई गई है। इस फरमान के विरोध में स्कूल प्रशासन खड़ा हो गया है। स्कूल की कार्यवाहक प्रिंसिपल मंजू शर्मा ने इस संबंध में जवाब में इस संस्था के नियंत्रण से साफ इनकार कर दिया है।

(बॉक्स)

मोतीलाल कॉलेज विवाद से जुड़े हैं तार

आर्य सभा द्वारा डॉ़. राम रतन चतुर्वेदी को प्रशासक बनाने की बात कही गई है। जानकारों की मानें तो, यह डॉ. राम रतन चतुर्वेदी और हाल में मोतीलाल नेहरू गर्ल्स इंटर कॉलेज के नए अध्यक्ष आरआर चतुर्वेदी एक ही व्यक्ति हैं। डॉ. आरआर चतुर्वेदी पर इनकी स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य ने अपने रिश्तेदारों को समिति में शामिल कर कब्जा करने की कोशिश के आरोप लगाए हैं।

(बॉक्स)

डिप्टी रजिस्ट्रार कार्यालय भी शामिल

पिछले कुछ दिनों में शहर में संचालित सरकारी सहायता प्राप्त बालिका विद्यालयों में प्रबंधकीय विवादों की संख्या काफी बढ़ी है। जानकारों की मानें तो, इनके प्रबंधनों पर कब्जा करने का खेल चल रहा है। जिसमें, कुछ शिक्षा माफियाओं के साथ ही डिप्टी रजिस्ट्रार कार्यालय के लोग भी जुड़े हैं। जो, प्रबंधनों से जुड़े दस्तावेजों में हेरफेर करके अपने लोगों को समितियों पर कब्जा करवा रहे हैं।

कोट----

एडेड बालिका विद्यालयों की प्रबंध समितियों पर कब्जा करने का एक पूरा एक रैकेट चल रहा है। जिसमें, शिक्षा माफियाओं के साथ विभागीय अधिकारी और डिप्टी रजिस्ट्रार कार्यालय के लोग जुड़े हैं। इन माफियाओं के हाथों में स्कूल चले गए तो पूरी व्यवस्था चौपट हो जाएगी। शिक्षक संघ अपने स्कूलों को बचाने के लिए इस मुद्दे पर संघर्ष करेगा।

- डॉ. आरपी मिश्र, प्रदेश मंत्री, माध्यमिक शिक्षक संघ

मामला गंभीर है। इस संबंध में एक पत्र कार्यालय में प्राप्त हुआ है। जिला विद्यालय निरीक्षक को पत्र लिखकर रिपोर्ट तलब की गई है।

- सुरेन्द्र तिवारी, संयुक्त शिक्षा निदेशक षष्ठ मंडल

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें