Lucknow News: कैफे में चल रहे हुक्का बार में छापा, 42 गिरफ्तार
Lucknow News: कैफे में चल रहे हुक्का बार में छापा, 42 गिरफ्तार- - हाईकोर्ट के आदेश के बाद कैसरबाग पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई

Lucknow News: हाईकोर्ट की सख्ती के बाद कैसरबाग पुलिस ने छापा मारकर अवैध हुक्का बार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कैसरबाग पुलिस ने एक होटल के ऊपर कैफे की आड़ में चल रहे हुक्का बार से 42 लोगों को गिरफ्तार किया है। भीड़ के बीच तीन संचालक फरार हो गए। पुलिस को मौके से 20 हुक्के, 26 चिलम, 10 पाइप, 11 पैकेट फ्लेवर्ड तंबाकू, चारकोल, तीन मोबाइल, ढाई हजार रुपए बरामद किए हैं। डीसीपी पश्चिमी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक बर्लिंगटन चौराहे के पास सिटी होटल के ऊपर कैफे टेल्स है। इस कैफे टेल्स की आड़ में हुक्का बार का संचालन हो रहा था।
कैसरबाग इंस्पेक्टर अंजनी कुमार मिश्रा की टीम ने सोमवार देर रात कैफे परिसर में छापा मारा। अंदर जाने पर कैफे के हॉल में पुलिस को धुआं ही धुआं फैला दिखा। वहां पड़ी मेजों पर हुक्के रखे हुए थे। पुलिस को देख वहां हड़कंप मच गया। लोग इधर-उधर बचने के लिए भागने लगे। पुलिस टीम ने हुक्का बार के दो कर्मचारी समेत 42 लोगों को मौके से पकड़ा।इंस्पेक्टर अंजनी मिश्रा ने बताया कि पूछताछ में आरोपी कर्मचारी शाहरुख अंसारी ने बताया कि कैफे का संचालन सै. जिया अली उर्फ दाऊद, बिलाल और शारिक करते हैं। संचालकों ने उसे हुक्का परोसने के कार्य में लगा रखा है। पुलिस के छापे के बीच ही भीड़ का फायदा उठाकर संचालक फरार हो गए। इंस्पेक्टर ने बताया कि नियम-कानून की अनदेखी कैफे संचालित हो रहा था। जांच में पता चला कि संचालक कम उम्र के लड़कों और छात्रों को हुक्का बार का लाइसेंस होने का झांसा देता था। कई बार स्कूल यूनिफार्म में भी छात्र बिना किसी रोकटोक के आते थे। इंस्पेक्टर ने बताया कि दरोगा रंजीत सिंह की तहरीर पर सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम समेत अन्य धाराओं की रिपोर्ट दर्ज की गई है।


