लखनऊ से इंडिगो की 12 फ्लाइटों समेत 14 निरस्त, एयरपोर्ट पर यात्रियों का हंगामा
Lucknow News - चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार को 14 उड़ानें रद्द होने से भारी अव्यवस्था का माहौल बन गया। इनमें से 12 इंडिगो एयरलाइंस की थीं। यात्रियों में नाराजगी फैल गई और उन्होंने नारेबाजी की। कई यात्रियों को समय पर सूचना नहीं मिली और न ही कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई।

चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार को बड़ी अव्यवस्था का माहौल बन गया। एक ही दिन में कुल 14 उड़ानें निरस्त कर दी गईं। इनमें से 12 उड़ानें इंडिगो एयरलाइंस की रहीं, जबकि 2 उड़ानें अन्य एयरलाइन की थीं। उड़ानें रद्द होने की खबर से एयरपोर्ट पर मौजूद सैकड़ों यात्रियों में भारी नाराजगी फैल गई। सुबह नौ बजे टर्मिनल-3 में तीन निरस्त फ्लाइटों के 350 यात्री इकट्ठा होकर अचानक नारेबाजी करने लगे। मौके पर सीआईएसएफ और एयरपोर्ट पुलिस चौकी के सुरक्षा कर्मियों ने यात्रियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन कोई मानने को तैयार नहीं था। एयरलाइंस के कर्मचारी भी यात्रियों को समझा नहीं पा रहे थे।
इनमें ज्यादातर यात्री ऐसे थे जिनको आखिरी वक्त में रिफंड मिलने या अगले दिन की फ्लाइट से कोई मतलब नहीं था। किसी को शादी समारोह में शामिल होना था, तो किसी की जरूरी मीटिंग थी। निरस्त उड़ानों में कोलकाता पुणे हैदराबाद मुंबई दिल्ली अहमदाबाद बेंगलुरु और दुबई जैसे बड़े शहरों की फ्लाइटें शामिल हैं। सुबह से रात तक एक के बाद एक उड़ानों के रद्द होने से यात्री टर्मिनल भवन में फंसे रहे। कई यात्रियों को न तो समय से सूचना मिली और न ही वैकल्पिक व्यवस्था। यात्रियों का कहना है कि टिकट का पूरा पैसा लिया गया लेकिन उड़ान रद्द होने के बाद न तो होटल दिया गया और न ही भोजन की कोई समुचित व्यवस्था की गई। पुणे से लखनऊ आने वाली एक उड़ान का यात्री करीब 14 घंटे तक एयरपोर्ट पर फंसा रहा। परिजनों ने केंद्र सरकार और नागरिक उड्डयन मंत्रालय तक शिकायत भेजने की बात कही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




