एलयू में लेट फीस, प्रवेश निरस्त करने के आदेश के खिलाफ प्रदर्शन, बवाल
Lucknow News - लखनऊ विश्वविद्यालय के नए परिसर में बुधवार को छात्रों ने लेट फीस और प्रवेश निरस्त करने के आदेश के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान एडिशनल प्रॉक्टर मोहम्मद अहमद के हाथ में चोट आई, लेकिन उन्हें प्राथमिक उपचार से राहत मिली। छात्रों ने कुलसचिव के आदेश को वापस लेने की मांग की और कुलपति से वार्ता के लिए समय मांगा।

-प्रदर्शन के दौरान एडिशनल प्रॉक्टर के हाथ में लगी चोट, प्राथमिक उपचार से मिली राहत लखनऊ, संवाददाता। लखनऊ विश्वविद्यालय के नए परिसर में बुधवार को छात्रों ने लेट फीस लेने और प्रवेश निरस्त करने से जुड़े आदेश के खिलाफ प्रदर्शन किया। विरोध के समय कुछ छात्रों ने मुख्य द्वार जबरन बंद करने का प्रयास किया तो एडिशनल प्रॉक्टर प्रोफेसर मोहम्मद अहमद का हाथ गेट में दब गया। इससे उनके हाथ में चोट आ गई। जिससे अफरातफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि उन्हें गंभीर चोट नहीं लगी और प्राथमिक उपचार देते ही उन्हें राहत मिल गई।
इस दौरान मुख्य कुलानुशासक प्रोफेसर राकेश द्विवेदी ने न्यू कैंपस में पहुंचकर छात्रों को मनाने की भरपूर कोशिश की, मगर विद्यार्थी किसी की कोई बात सुनने को तैयार नहीं थे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि फीस देर से जमा करने पर लेट फीस लेना और समय पर न जमा कर पाने पर प्रवेश निरस्त किए जाने के तुगलकी फरमान को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा है। अभी तक छात्रों की स्कॉलरशिप नहीं आई है। सेमेस्टर का फीस सभी छात्र स्कॉलरशिप आने के बाद देते थे। अब नई व्यवस्था के तहत फीस पहले जमा कराई जा रही है। दूसरी तरफ मांगों को लेकर छात्रों ने मुख्य कुलानुशासक को कुलपति के नाम का ज्ञापन भी सौंपा। कुलपति नहीं आते न्यू कैंपस प्रदर्शन के दौरान विधि छात्र प्रशांत ने आरोप लगाया कि नए कुलपति नवीन परिसर आकर छात्रों की समस्याओं को नहीं सुन सनते। कुलसचिव के आदेश को वापस लेने की मांग पर अड़े छात्रों ने मांग की कि कुलसचिव डॉ. भावना मिश्रा की तरफ से 12 फरवरी को जारी किए गए नोटिस वापस लेने के बाद ही प्रदर्शन खत्म होगा। इस दौरान कुलपति को सौंपे ज्ञापन में भी इसका उल्लेख किया गया। इसके अलावा कुल पांच सूत्रीय मांगों को लेकर भी छात्र अड़े रहे। इनमें शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि हटाए जाने के अलावा प्रवेश निरस्त करने का प्रावधान भी शामिल है। जल्द स्कॉलरशिप दिलाने की मांग के अलावा कुलपति से वार्ता के लिए छात्रों के प्रतिनिधिमंडल को समय देने की मांग भी की गई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


