Lucknow News: लखनऊ विश्वविद्यालय में ज्योतिर्विज्ञान पर राष्ट्रीय संगोष्ठी, कुलपति बोले, प्राचीन भारतीय काल-गणना थी अत्यंत सटीक
Lucknow News: लखनऊ विश्वविद्यालय के ज्योतिर्विज्ञान विभाग के रजत जयंती वर्ष पर ‘ज्योतिर्विज्ञान की मूलकता और वैज्ञानिकतत्व’ विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी हुई। कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी ने प्राचीन भारतीय काल-गणना की सटीकता का उल्लेख किया और ज्योतिर्विज्ञान के अध्ययन व अनुसंधान को बढ़ावा देने पर जोर दिया। विभाग की स्थापना 18 अक्टूबर 2001 को हुई थी। संगोष्ठी में करीब 150 विद्यार्थियों और शोधार्थियों ने शोध पत्र प्रस्तुत किए।

Lucknow News: लखनऊ,प्रमुख संवाददाता। लखनऊ विश्वविद्यालय के ज्योतिर्विज्ञान विभाग के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर सोमवार को ‘ज्योतिर्विज्ञान की मूलकता और वैज्ञानिकतत्व’ विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित की गई। वराहमिहिर सभागार में हुए इस कार्यक्रम में विद्वानों, शिक्षकों और शोधार्थियों ने ज्योतिर्विज्ञान की सैद्धांतिक और व्यावहारिक प्रासंगिकता पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम की शुरुआत शंखनाद और दीप प्रज्वलन से हुई। अध्यक्षीय उद्बोधन में कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी ने कहा कि प्राचीन भारतीय आचार्यों की काल-गणना बेहद उन्नत और सटीक थी। उन्होंने ज्योतिर्विज्ञान के अध्ययन और अनुसंधान को बढ़ावा देने तथा इसके ज्ञान का उपयोग मानवता और जनकल्याण के लिए करने पर जोर दिया।
विभाग की स्थापना और विस्तार
विभाग की यात्रा की जानकारी देते हुए डॉ. श्यामलेश कुमारी तिवारी ने बताया कि इसकी स्थापना 18 अक्टूबर 2001 को हुई थी। बीते 25 वर्षों में विभाग का उल्लेखनीय विस्तार हुआ है। वर्तमान में यहां स्नातक और परास्नातक पाठ्यक्रम संचालित हो रहे हैं, जबकि वर्ष 2026 से एमए वास्तुशास्त्र पाठ्यक्रम भी शुरू किया गया है।
संगोष्ठी में शोध पत्रों की प्रस्तुति
विशिष्ट अतिथि प्रो. बिंदा प्रसाद मिश्र ने विभाग की उपलब्धियों की सराहना की। वहीं, कला संकाय के अधिष्ठाता प्रो. अरविंद मोहन ने संसाधनों के विस्तार की बात कही। संगोष्ठी में करीब 150 विद्यार्थियों और शोधार्थियों ने शोध पत्र प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनिल कुमार पोरवाल ने किया और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. बिपिन कुमार पांडेय ने दिया।

