
कबाड़ी बन बंद घरों की करते थे रेकी, रात को करते थे चोरी
Lucknow News - लखनऊ की इंदिरानगर पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जो दिन में कबाड़ी बनकर बंद घरों की रेकी करते थे और रात में चोरी करते थे। पुलिस ने चोरी किए गए जेवर और नकदी के साथ ऑटो रिक्शा भी बरामद...
लखनऊ, संवाददाता। इंदिरानगर पुलिस ने बुधवार को दो शातिरों को गिरफ्तार कर चोरी किए गए जेवर, नकदी व घटना में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा बरामद किया है। पकड़े दोनों आरोपी कबाड़ी बन कर दिन में बंद घरों की रेकी करते थे और रात को उन्हीं मकानों को निशाना बना कर चोरी की वारदातें अंजाम देते थे। गिरफ्तार आरोपियों में एक बाराबंकी व दूसरा लखीमपुर खीरी जनपद का रहने वाला है। डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह ने बताया कि जुलाई माह में सेक्टर 13 निवासी कृष्ण बाबू और 18 अगस्त को सेक्टर-9 निवासी अंकुर मिश्र के घर में चोरी हुई थी। चोरी के इन दोनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज किया था।

जिसके बाद जांच पड़ताल शुरू हुई। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में ऑटो सवार दो संदिग्ध दोनों जगह नजर आए। इसके बाद पुलिस ने ऑटो सवार लोगों की तलाश शुरू की। इसी बीच बुधवार को इंदिरानगर पुलिस ने पिकनिक स्पॉट रोड के पास से उक्त ऑटो सवार रविंद्र सिंह व राजू को गिरफ्तार किया। दोनों के पास से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर, 2870 रुपये और घटना में प्रयोग किया गया ऑटो बरामद किया। एसीपी गाजीपुर अनिद्य विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपी रविंद्र सिंह मूल रूप से बाराबंकी और राजू लखीमपुर खीरी का रहने वाला है। रविंद्र सिंह किराये पर ऑटो चलाता है। वह साथी राजू के साथ मिलकर दिन में कबाड़ी बनकर बंद घरों की रेकी करते थे और रात में उन्हीं घरों को निशाना बना कर चोरी की घटना अंजाम देते थे। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




